Home / मुख्य ख़बर / बहादराबाद इंडस्ट्रियल एरिया की फैक्ट्री में भीषण आग, दमकल ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू…

बहादराबाद इंडस्ट्रियल एरिया की फैक्ट्री में भीषण आग, दमकल ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू…

हरिद्वार। बहादराबाद औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेज थी कि दूर तक उठती लपटें और धुएं का गुबार साफ दिखाई दे रहा था।
जानकारी के अनुसार HPM इन्फोटेक प्राइवेट लिमिटेड नाम की यूनिट में पंखों से जुड़े उपकरण तैयार किए जाते हैं। अचानक आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया और तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी गई।
सूचना पर दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। वहीं रानीपुर पुलिस चौकी की टीम भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गई और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई। दमकल कर्मियों ने घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
आग की चपेट में आने से फैक्ट्री परिसर में रखा काफी सामान जलकर नष्ट हो गया है, जिससे कंपनी को भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना के समय किसी कर्मचारी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
फिलहाल पुलिस और दमकल विभाग की टीमें आग लगने के कारणों की जांच में जुटी हुई हैं। प्रारंभिक तौर पर बिजली से जुड़ी किसी तकनीकी गड़बड़ी की संभावना जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!