
हरिद्वार। शहर में लगातार बढ़ रहे वाहनों और जाम की समस्या से निपटने के लिए हरिद्वार पुलिस ने नई पार्किंग व्यवस्था की संभावनाओं पर काम शुरू कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक यातायात निशा यादव ने गुरुवार को रानीपुर मोड़, ज्वालापुर मार्केट और शिवालिक नगर क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान ट्रैफिक पुलिस और सीपीयू टीम ने बढ़ते वाहनों और बाजार क्षेत्रों में लगने वाले जाम को देखते हुए दुपहिया और छोटे चारपहिया वाहनों के लिए संभावित पार्किंग स्थलों का चिन्हीकरण किया। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रीय नागरिकों से भी वार्ता कर उपयुक्त पार्किंग विकल्पों पर चर्चा की गई।
यातायात पुलिस के अनुसार यह पहल शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाने और बाजारों में लगने वाले जाम से लोगों को राहत दिलाने के उद्देश्य से की जा रही है। पुलिस का लक्ष्य शहर में सुगम आवागमन सुनिश्चित करना और नागरिकों को बेहतर पार्किंग व्यवस्था उपलब्ध कराना है, ताकि बाजार क्षेत्रों में यातायात का दबाव कम किया जा सके।
