
हरिद्वार। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर वसुधैव कुटुंबकम् फाउंडेशन द्वारा रक्तदान शिविर और निशुल्क मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया। शिविर में 140 लोगों ने भाग लिया, जिनमें से 92 लोगों ने रक्तदान कर समाज सेवा में अपनी भागीदारी निभाई।
फाउंडेशन की ओर से आयोजित इस शिविर का उद्देश्य महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और रक्तदान के महत्व के बारे में जानकारी देना था। शिविर में पहुंचे लोगों को पहले स्वास्थ्य जांच के बाद रक्तदान कराया गया।
इसके साथ ही शिविर में निशुल्क मेडिकल कैंप भी लगाया गया, जिसमें आंख, हड्डी, दांत, स्त्री रोग, बाल रोग, शुगर और बीपी से संबंधित जांच के लिए विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम मौजूद रही। बड़ी संख्या में लोगों ने शिविर में पहुंचकर स्वास्थ्य जांच का लाभ उठाया।
फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने बताया कि रक्तदान एक ऐसा कार्य है जिससे कई लोगों की जान बचाई जा सकती है और इससे शरीर को कोई नुकसान नहीं होता। उन्होंने कहा कि महिला दिवस के अवसर पर इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को समाज सेवा के कार्यों में आगे आने के लिए प्रेरित करना भी है।
कार्यक्रम के अंत में रक्तदाताओं को सम्मानित कर प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।
शिविर के आयोजन में प्रीति आहूजा, निधि अग्रवाल, विनीता सिकोरिया, संगीता आहूजा, पूजा मेहता, निधि चावला, रुचि तनेजा, पूजा अरोड़ा सहित फाउंडेशन के अन्य सदस्यों का विशेष सहयोग रहा।
