Home / बिज़नेस / लघु व्यापारियों को वितरित किए गए खाद्य सुरक्षा प्रशिक्षण प्रमाण पत्र, स्वच्छता और लाइसेंस पर जोर…

लघु व्यापारियों को वितरित किए गए खाद्य सुरक्षा प्रशिक्षण प्रमाण पत्र, स्वच्छता और लाइसेंस पर जोर…

हरिद्वार। नगर निगम क्षेत्र के रेड़ी-पटरी और स्ट्रीट वेंडर्स को उत्तराखंड खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा नवंबर माह में आयोजित प्रशिक्षण के प्रमाण पत्र वितरित किए गए। प्रमाण पत्र लघु व्यापार एसोसिएशन के प्रांतीय अध्यक्ष संजय चोपड़ा ने लाभार्थी व्यापारियों को सौंपे।
इस अवसर पर संजय चोपड़ा ने कहा कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जयप्रकाश नड्डा के निर्देशन में देश के सभी लोकसभा क्षेत्रों में रेड़ी-पटरी के लघु व्यापारियों को शहरी समृद्धि और विकसित भारत योजना से जोड़ने के उद्देश्य से प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में नवंबर माह में ऋषिकुल सभागार में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा स्ट्रीट वेंडर्स को खाद्य स्वच्छता, गुणवत्ता और सुरक्षित वितरण संबंधी प्रशिक्षण दिया गया था।
उन्होंने कहा कि फुटपाथ पर खाद्य सामग्री बेचने वाले लघु व्यापारियों को प्रशिक्षण प्रमाण पत्र प्रदान करना एक सराहनीय और सकारात्मक पहल है। इससे न केवल खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता में सुधार होगा, बल्कि उपभोक्ताओं को भी सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सकेगी।
संजय चोपड़ा ने मांग की कि नगर निगम क्षेत्र सहित सभी क्षेत्रों में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा लाइसेंस जारी करने के लिए विशेष शिविर लगाए जाएं, ताकि अधिक से अधिक स्ट्रीट वेंडर्स को वैध रूप से व्यवसाय करने का अवसर मिल सके। उन्होंने प्रशिक्षण के दौरान वितरित की गई स्वच्छता किट का नियमित उपयोग करने और दैनिक कार्यप्रणाली में स्वच्छता मानकों को शामिल करने पर भी जोर दिया।
प्रशिक्षण प्रमाण पत्र प्राप्त करने वालों में जय भगवान, रणवीर सिंह, उमेश कुमार, पवन कुमार, मुकेश, धर्मपाल, लालचंद, भोला गुप्ता, सुनील कुकरेती, फूल सिंह, मोहनलाल, प्रदीप कुमार, गजेंद्र चौहान, नईम, आजम अंसारी, कामिल, कामिनी मिश्रा, सीमा देवी, मंजू पाल, सुनीता चौहान, पुष्पा दास, मुन्नी देवी और कविता सहित विभिन्न लघु व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधि शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!