मसूरी के लघु व्यापारियों की समस्याओं पर हरिद्वार में अहम बैठक, संजय चोपड़ा से विस्तृत चर्चा…

हरिद्वार। मसूरी लघु व्यापार बचाओ संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने हरिद्वार पहुंचकर लघु व्यापार एसोसिएशन के प्रांतीय अध्यक्ष संजय चोपड़ा से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान मसूरी नगर पालिका द्वारा पूर्व से अपने निर्धारित स्थानों पर व्यापार कर रहे स्ट्रीट वेंडर्स एवं लघु व्यापारियों को हटाए जाने के मुद्दे पर विस्तार से चर्चा की गई।
संघर्ष समिति के अध्यक्ष रामकिशन राही ने प्रतिनिधिमंडल के साथ मुलाकात करते हुए बताया कि मसूरी क्षेत्र में वर्षों से कारोबार कर रहे रेड़ी-पटरी के लघु व्यापारियों को नगर पालिका द्वारा हटाया जा रहा है, जिससे उनके समक्ष आजीविका का संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने प्रांतीय अध्यक्ष को मसूरी आकर व्यापारियों की समस्याओं का प्रत्यक्ष अवलोकन करने का आमंत्रण भी दिया।
इस अवसर पर संजय चोपड़ा ने कहा कि उत्तराखंड शासन की नगरी फेरी नीति नियमावली तथा प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर आत्मनिर्भर योजना के अंतर्गत लघु व्यापारियों के अधिकार सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि मसूरी नगर पालिका प्रशासन को संघर्ष समिति के पदाधिकारियों के साथ वार्ता कर न्यायोचित समाधान निकालना चाहिए।
उन्होंने सुझाव दिया कि मसूरी जैसे पर्यटन नगर में चल रहे विकास कार्यों के अंतर्गत पार्किंग स्थलों और सार्वजनिक स्थानों का भौतिक निरीक्षण कर उन्हें व्यवस्थित वेंडिंग जोन के रूप में चिन्हित किया जाना चाहिए, ताकि स्थानीय लघु व्यापारियों की आजीविका भी सुरक्षित रह सके और नगर का सौंदर्यीकरण भी प्रभावित न हो।
रामकिशन राही ने कहा कि मसूरी एक प्रमुख पर्यटन नगरी है, जहां देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं। यदि नगर पालिका टाउन प्लान तैयार कर रही है तो उसमें स्थानीय रेड़ी-पटरी के व्यापारियों को योजनाबद्ध ढंग से समाहित किया जाना चाहिए तथा उनके सुझावों को भी शामिल किया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही संजय चोपड़ा के नेतृत्व में मसूरी नगर पालिका को सार्वजनिक रूप से प्रस्ताव सौंपे जाएंगे।
हरिद्वार में आयोजित इस बैठक में संघर्ष समिति के उपाध्यक्ष कमल कुमार, महासचिव संजय टम्टा, सचिव गोविंद प्रसाद नौटियाल, कोषाध्यक्ष साजिद सिद्दकी, सदस्य भारत बहादुर एवं मुकेश टम्टा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

