राज भवन कूच की तैयारियों में जुटी कांग्रेस, 16 फरवरी को देहरादून कूच का ऐलान…

हरिद्वार। 16 फरवरी को उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर होने वाले राज भवन कूच के ऐलान के बाद वरिष्ठ कांग्रेस नेता सोम त्यागी की अध्यक्षता और मनोज सैनी के संचालन में मध्य हरिद्वार स्थित कार्यालय पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में 16 फरवरी को होने वाले राज भवन कूच को सफल बनाने पर रणनीति पर चर्चा की गई।
बैठक में पूर्व राज्यमंत्री संजय पालीवाल और पूर्व पालिकाध्यक्ष प्रदीप चौधरी ने कहा कि जनता केंद्र और राज्य की धामी सरकार से त्रस्त हो चुकी है और वह कांग्रेस की तरफ आशा भरी नजरों से देख रही है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की धामी सरकार महंगाई, बेरोजगारी, कानून व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा आदि सभी मोर्चों पर विफल साबित हो गई है।
पूर्व राज्य मंत्री मकबूल कुरैशी और यूथ कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष रवीश भटीजा और पूर्व महिला जिलाध्यक्ष विमला पांडेय ने कहा कि कोटद्वार की घटना और घटना के बाद मुख्यमंत्री धामी के बयान से स्पष्ट है कि धामी सरकार प्रदेश को नफरत की आग में झोंकना चाहती है। इसके अतिरिक्त 2022 में हुए अंकिता भंडारी हत्याकांड में एक बार फिर धामी सरकार अंकिता, अंकिता के माता-पिता और उत्तराखंड की जनता के साथ धोखा कर रहे हैं। उन्होंने अंकिता भंडारी हत्याकांड में डॉ. अनिल जोशी की तहरीर पर सीबीआई जांच की संस्तुति कर स्पष्ट कर दिया है कि वे अंकिता भंडारी हत्याकांड में शामिल भाजपा नेताओं को एक बार फिर से बचाने के प्रयास कर रहे हैं।
यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष कैश खुराना और पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष विकास चंद्रा, दीपक टंडन ने कहा कि कांग्रेस जनहित के मुद्दों पर लगातार सड़क से लेकर सदन तक लड़ रही है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़के और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी जिस निडरता से देश की जनता की लड़ाई लड़ रहे हैं, इस तरह हम सबको भी जनता की लड़ाई लड़नी है।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता संजय सैनी, विशाल प्रधान ने कहा कि प्रदेश की धामी सरकार के संरक्षण में सरकारी विभागों में दिन प्रतिदिन भ्रष्टाचार फल फूल रहा है, सरकार की जीरो टॉलरेंस खोखली बातें रह गई है।
यूथ कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष रवि बाबू शर्मा, सागर बेनीवाल ने कहा कि राज्य की जनता बीजेपी सरकार से त्रस्त है और अपनी नाकामियों को छुपाने के लिए सांप्रदायिकता का सहारा लेकर देवभूमि को कलंकित कर रही है। उन्होंने कहा कि बीजेपी को सबक सिखाने का समय आ गया है और 16 फरवरी को लोक भवन का होने वाला घेराव सरकार के ताबूत में आखिरी कील होगी। बैठक में निर्णय लिया गया कि 16 फरवरी को सभी साथी ऋषिकुल स्थित कार्यालय पर एकत्रित होकर अपनी गाड़ियों पर बैनर, पोस्टर और कांग्रेस का झंडा लगाकर देहरादून कूच करेंगे।
बैठक में अनिल ठाकुर, अमित गुप्ता, वीरेंद्र भारद्वाज, मनोज जाटव, डॉ. दिनेश पुंडीर, चंदन शर्मा, रचित अग्रवाल, छम्मन पीर, सुमित आहूजा, जवाहर चावला, अशोक अदालती, राहुल, राजू चित्कारा, रिंकू, हरमिंदर, तीर्थ भाटिया, शुभम् रावत, शिवम बाल्मीकि आदि उपस्थित थे।

