
देहरादून। शनिवार को उत्तराखंड की बेटी अंकिता को न्याय दिलाने तथा अंकिता हत्याकांड की सीबीआई जांच की मांग को लेकर सुराज सेवा दल के प्रदेश अध्यक्ष श्री रमेश चन्द्र जोशी जी के नेतृत्व में संगठन के सैकड़ों कार्यकर्ता देहरादून स्थित परेड ग्राउंड में एकत्रित हुए। इसके पश्चात सभी कार्यकर्ताओं ने संगठित रूप से मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच कर शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया।
धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष श्री रमेश चन्द्र जोशी जी ने कहा कि अंकिता हत्याकांड केवल एक परिवार का नहीं, बल्कि पूरे उत्तराखंड की अस्मिता और सम्मान से जुड़ा मामला है। उन्होंने कहा कि इस जघन्य हत्याकांड में अब तक हुई जांच से जनता पूरी तरह संतुष्ट नहीं है और लगातार यह आशंका बनी हुई है कि प्रभावशाली एवं वीआईपी लोगों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है। ऐसी स्थिति में निष्पक्ष, पारदर्शी और स्वतंत्र सीबीआई जांच ही सच्चाई को सामने ला सकती है।
श्री जोशी जी ने कहा कि राज्य सरकार बार-बार न्याय का भरोसा दिला रही है, लेकिन ज़मीनी स्तर पर ठोस और विश्वसनीय कार्रवाई दिखाई नहीं दे रही। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जब तक बहन अंकिता को पूर्ण न्याय नहीं मिल जाता और इस हत्याकांड में शामिल हर दोषी को सख़्त सज़ा नहीं दी जाती, तब तक सुराज सेवा दल चुप नहीं बैठेगा।
धरना-प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मांग की कि:
• अंकिता हत्याकांड की तत्काल सीबीआई जांच शुरू की जाए
• पूरे मामले में शामिल वीआईपी और प्रभावशाली लोगों की भूमिका उजागर की जाए
• दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से कड़ी सज़ा दी जाए
प्रदेश अध्यक्ष ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने शीघ्र ही सीबीआई जांच की घोषणा नहीं की, तो सुराज सेवा दल प्रदेशव्यापी आंदोलन शुरू करेगा, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
धरना-प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा, जिसमें बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं आम नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में बहन अंकिता को न्याय दिलाने का संकल्प दोहराया।
