कृष्णायन देशी गौरक्षाशाला, गैंडीखाता का जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने किया निरीक्षण

हरिद्वार।आज कृष्णायन देशी गौरक्षाशाला, गैंडीखाता, हरिद्वार में जिलाधिकारी श्री मयूर दीक्षित जी ने आगमन कर पूरे परिसर का विस्तृत निरीक्षण किया। उनके साथ एसडीएम श्री दिग्विजय कुमार, सीवीओ डॉ. डी. के. चंद तथा बीडीओ श्री मानस मित्तल भी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी महोदय ने गौशाला की व्यवस्थाओं, उपचार सेवाओं, सुरक्षा मानकों, स्वच्छता व्यवस्था एवं गौवंश संरक्षण हेतु किए जा रहे प्रयासों का अवलोकन किया। सभी शेड्स का भ्रमण कर उन्होंने भोजन, देखभाल एवं उपचार संबंधी व्यवस्थाओं की सराहना की।
जिलाधिकारी महोदय ने कृष्णायन गौशाला को एक उत्कृष्ट एवं आदर्श मॉडल बताते हुए कहा कि यहाँ की व्यवस्था अन्य संस्थानों के लिए प्रेरणा स्वरूप है।
निरीक्षण के दौरान उनका विशेष ध्यान कृष्णायन के बायो गैस एवं ऑर्गेनिक खाद उत्पादन संयंत्र पर भी गया। उन्होंने सराहना की कि गौशाला द्वारा बड़ी संख्या में गौवंश से उत्पन्न गोबर का वैज्ञानिक उपयोग कर स्वच्छ ऊर्जा (CNG एवं बायोगैस) तथा उच्च गुणवत्ता वाली जैविक खाद तैयार की जा रही है, जो पर्यावरण संरक्षण एवं प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है।
इस अवसर पर गौशाला के संरक्षक स्वामी श्री आत्मानंद जी महाराज तथा सचिव स्वामी श्री पवन दास जी निरंतर उपस्थित रहे और उन्होंने अधिकारियों को गौशाला की समस्त व्यवस्थाओं, सामाजिक कार्यों, तथा बायो गैस प्लांट के संचालन की विस्तृत जानकारी प्रदान की।
अंत में अधिकारियों ने कृष्णायन द्वारा किए जा रहे गौसेवा, संरक्षण, उपचार, जैव–ऊर्जा उत्पादन तथा सामाजिक कार्यों की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी सहयोग और मार्गदर्शन देने का आश्वासन दिया।

