वसुधैव कुटुंबकम् फाउंडेशन का बैडमिंटन टूर्नामेंट 3.0 सफल, बच्चों और महिलाओं में खेल के प्रति बढ़ा उत्साह…

हरिद्वार। गणतंत्र दिवस के शुभ अवसर पर वसुधैव कुटुंबकम् फाउंडेशन (रजि.) द्वारा हरिद्वार स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में दो दिवसीय डबल बैडमिंटन टूर्नामेंट 3.0 का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-19 (बालक एवं बालिका) तथा 19 वर्ष से अधिक आयु वर्ग (महिला) की विभिन्न श्रेणियों में कुल 80 खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम संयोजक संगीता आहूजा ने बताया कि इस तरह के खेल आयोजनों से बच्चों को अपनी प्रतिभा निखारने का मंच मिलता है, वहीं महिलाओं को भी शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि खेल बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
फाउंडेशन की अध्यक्ष रेनू अरोड़ा ने जानकारी दी कि विजेताओं को ₹1100 की नगद पुरस्कार राशि, मोमेंटो तथा सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। उन्होंने कहा कि फाउंडेशन का उद्देश्य बच्चों को खेलों के माध्यम से शिक्षित करना और उन्हें एक जिम्मेदार नागरिक बनाना है। भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजन लगातार किए जाते रहेंगे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर निगम हरिद्वार की मेयर किरण जैसल ने शिरकत की। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए फाउंडेशन के प्रयासों की सराहना की और बच्चों को नियमित रूप से खेलों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता के दौरान बच्चों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का दिल जीता। माता-पिता और दर्शकों की उपस्थिति ने खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया।
विजेताओं की सूची…
अंडर-14 वर्ग: युवराज राठी व वश अग्रवाल।
अंडर-19 वर्ग: कृष्ण व तनिष्क अरोड़ा।
19 वर्ष से अधिक (महिला वर्ग): प्रियांशी भंडारी व मुस्कान सैनी।
इस आयोजन को सफल बनाने में प्रीति आहूजा, निधि अग्रवाल, विनीता सिकोरिया, निधि चावला, रुचि तनेजा, मीनाक्षी अरोड़ा सहित फाउंडेशन के अन्य सदस्यों का विशेष सहयोग रहा।
कुल मिलाकर, बैडमिंटन टूर्नामेंट 3.0 ने बच्चों और महिलाओं में खेल भावना को बढ़ावा देने के साथ स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का सकारात्मक संदेश दिया।

