उत्तराखंड मार्शल आर्ट्स एकेडमी का शुभारंभ 06 अप्रैल को ऋषिकेश में, कई राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी रहेंगे मौजूद…

ऋषिकेश। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने एवं आत्मरक्षा की तकनीकों में पारंगत करने के उद्देश्य को लेकर ऋषिकेश स्थित गुमानीवाला में देहरादून जिले की पहली मार्शल आर्टस खेलों की एकेडमी उत्तराखंड मार्शल आर्टस एकेडमी का शुभारंभ रविवार 06 अप्रैल को होगा। एकेडमी की निदेशक एवं एशियन पदक विजेता खिलाड़ी उत्तराखंड पुलिस की पूर्व पुलिस मेडल अवार्डी प्रज्ञा जोशी ने बताया कि उत्तराखंड सरकार के शासनादेश जिसने की उत्तराखंड राज्य में बालिकाओं एवं महिला खिलाड़ियों को अब सिर्फ महिला कोच ही खेलों में प्रशिक्षण देगी के तहत जिले की महिलाओं एवं बालिकाओं को मार्शल आर्ट्स की विभिन्न विधाओं जैसे कराटे, जुजित्सु, मुए थाई, किकबॉक्सिंग, गतका, योगा आदि में निपुण करने एवं उन्हें प्रशिक्षित कर राज्य सरकार के खेल कोटे में नौकरी हेतु प्रोत्साहित कर तैयार करने के उद्देश्य से गुमानीवाला ऋषिकेश में खुलने वाली यह पहली एकेडमी है। इस एकेडमी के निर्देशन में प्रशिक्षण प्राप्त दर्जनों खिलाड़ी आज विभिन संस्थानों सहित सरकारी नौकरियों में बतौर खिलाड़ी अपना हुनर दिखा रहे हैं। एकेडमी की मुख्य कोच प्रज्ञा जोशी ख़ुद एशियन कराटे चैंपियनशिप सिंगापुर में रजत पदक सहित प्रचलित खेल जुजित्सु की एशियन बीच गेम्स में भारतीय ओलंपिक संघ के दल में भारत का वियतनाम में प्रतिनिधित्व कर एशिया में 05वीं रैंक प्राप्त खिलाड़ी रह चुकी हैं। स्पोर्ट्स कोटे से उत्तराखंड पुलिस में सेवा दे चुकी प्रज्ञा जोशी को सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस पदक भी मिल चुका है। वह 04 बार की राष्ट्रीय चैंपियन एवं कई देशों में भारत का प्रतिनिधित्व कर पदक जीत चुकी हैं। प्रज्ञा ब्लैक बेल्ट 04 डिग्री एवं राष्ट्रीय ए क्लास रेफरी एवं जज हैं। उन्होंने केंद्रीय विश्वविद्यालय श्रीनगर गढ़वाल शारीरिक शिक्षा में मास्टर डिग्री हासिल की है। उन्होंने बताया कि पहली बार जिले में विशेष तौर पर बालिकाओं एवं महिलाओं के लिए खुलने जा रही उत्तराखंड मार्शल आर्ट्स एकेडमी का उद्घाटन 06 अप्रैल को ऋषिकेश के गुमानीवाला में होगा। उद्घाटन दोपहर चार बजे उत्तराखंड सरकार के मुख्यमंत्री के मुख्य मीडिया प्रभारी हरीश कोठारी, क्रीड़ा भारती के प्रदेश अध्यक्ष राज्य सरकार के लाइफ़टाइम अचीवमेंट अवार्डी अरुण कुमार सूद, नेशनल मार्शल आर्ट गेम्स कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं विश्व मार्शल आर्ट खेल लंदन में भारतीय टीम के मुख्य कोच सतीश जोशी, विश्व मुए थाई चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके अंतर्राष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ी नीलेश जोशी सहित कई राष्ट्रीय एवं अंतराष्ट्रीय खिलाड़ियों की उपस्थिति में होगा। एकेडमी की निदेशक प्रज्ञा जोशी ने अधिक से अधिक बालिकाओं एवं महिलाओं को इस प्रशिक्षण का लाभ लेने को अपील की है।