
हरिद्वार। अचीवर्स होम पब्लिक स्कूल, हरिद्वार के स्पोर्ट्स ग्राउंड में आयोजित इंटर एकेडमी फुटबॉल टूर्नामेंट का रोमांचक समापन शनिवार को हुआ। अचीवर्स स्पोर्ट्स एकेडमी द्वारा 04 दिसंबर से आयोजित इस टूर्नामेंट में हरिद्वार की कुल 08 फुटबॉल अकादमियों ने प्रतिभाग किया। इनमें वेजिटेरियन क्लब, रोशनबाद-ए, ग्लोरी एफसी, अचीवर्स स्पोर्ट्स एकेडमी, बीएचईएल एफसी, बीएफएफसी एकेडमी और रोशनबाद-बी एकेडमी शामिल रहीं। टूर्नामेंट का उद्घाटन स्कूल के डायरेक्टर नितिन अहलूवालिया ने किया।
शनिवार देर रात खेले गए फाइनल मुकाबले में बीएफएफसी एकेडमी और अचीवर्स स्पोर्ट्स एकेडमी आमने-सामने रहीं। निर्धारित समय तक दोनों टीमें कोई भी गोल नहीं कर सकीं, जिसके बाद विजेता का फैसला पेनल्टी शूट आउट से किया गया। बेहद रोमांचक शूट आउट में अचीवर्स स्पोर्ट्स एकेडमी ने 05-04 से जीत दर्ज करते हुए प्रतिष्ठित ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी व पुरस्कार भाजपा जिला उपाध्यक्ष लव शर्मा और अचीवर्स होम पब्लिक स्कूल के प्रिंसिपल एस. सरकार ने प्रदान किए। मुख्य अतिथि लव शर्मा ने खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि खेल शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक विकास के लिए आवश्यक हैं। उन्होंने बताया कि सरकार प्रदेश में खेलों के लिए विश्वस्तरीय ढांचा तैयार करने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है, जिससे उत्तराखंड के प्रतिभाशाली खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी जगह बना सकें।
प्रिंसिपल एस. सरकार ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ सामाजिक जीवन को भी समृद्ध बनाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ खेलों को भी जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाने की अपील की।
आयोजन के दौरान अचीवर्स स्पोर्ट्स एकेडमी के मैनेजर लोकेश सैनी, मोहित कीर्थल, कोच कुणाल कार्की, पंकज बागड़ी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
