केंद्रीय बजट 2026–27 आत्मनिर्भर भारत की दिशा में सशक्त कदम -डॉ. विशाल गर्ग।

हरिद्वार। रविवार को केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत केंद्रीय बजट 2026–27 को व्यापारी नेता डॉ. विशाल गर्ग ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में आत्मनिर्भर और समृद्ध भारत की दिशा में एक सशक्त कदम बताया। डॉ. विशाल गर्ग ने कहा कि बजट में किसान, युवा, नारी शक्ति और वंचित वर्ग को केंद्र में रखते हुए विकास, रोजगार और नवाचार को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि बजट में उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में ट्रेकिंग ट्रेल्स के विकास की घोषणा से पर्यटन क्षेत्र को नई गति मिलने की उम्मीद है। इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे, जिससे पहाड़ी क्षेत्रों की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
डॉ. विशाल गर्ग ने कहा कि यह बजट विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक प्रेरक पहल है। वित्तीय अनुशासन, समावेशी विकास और परिणामोन्मुख शासन के सिद्धांतों पर आधारित यह बजट जन अपेक्षाओं को प्राथमिकता देते हुए विकास के लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का स्पष्ट रोडमैप प्रस्तुत करता है।
बजट में कृषि एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने, एमएसएमई और सेमीकंडक्टर जैसे भविष्य उन्मुख क्षेत्रों को प्रोत्साहन देने, कर प्रणाली में सरलीकरण, स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ बनाने तथा मध्यम वर्ग को राहत प्रदान करने जैसे प्रावधान शामिल हैं। इसे जनोन्मुखी और सुधारवादी सोच का प्रतीक माना जा रहा है। डॉ. विशाल गर्ग ने कहा कुल मिलाकर, यह बजट आर्थिक सुदृढ़ता, सामाजिक संतुलन और सतत विकास के माध्यम से भारत को वैश्विक आर्थिक मंच पर और अधिक सशक्त बनाने का ठोस आधार प्रदान करता है।

