राज्य मंत्री सुनील सैनी ने सुनीं जनसमस्याएं, बहुउद्देशीय शिविर में त्वरित निस्तारण…

हरिद्वार / भगवानपुर। उत्तराखंड सरकार के महत्वाकांक्षी अभियान ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ के अंतर्गत भगवानपुर विधानसभा के चुड़ियाला में बहुउद्देशीय जनसेवा शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राज्य मंत्री सुनील सैनी मुख्य रूप से उपस्थित रहे और उन्होंने जनता की समस्याएं सुनकर अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
राज्य मंत्री सुनील सैनी ने कहा कि यह अभियान जनता और शासन के बीच की दूरी कम करने का एक सराहनीय प्रयास है। प्रशासन स्वयं गांव-गांव जाकर लोगों की समस्याओं का समाधान कर रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार “सेवा ही परमोधर्म” की भावना से कार्य करते हुए अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए संकल्पित है।
शिविर में प्राप्त लगभग 80 शिकायतों में से 60 का तत्काल निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। उन्होंने बताया कि न्याय पंचायत स्तर पर लगातार शिविर लगाए जा रहे हैं, जिनमें हजारों की संख्या में लोग भाग ले रहे हैं।
सैनी ने बताया कि यह अभियान 45 दिनों तक प्रदेश के सभी 13 जनपदों में न्याय पंचायत एवं ग्राम पंचायत स्तर पर संचालित किया जा रहा है। अब तक करीब 24,950 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें से लगभग 18 हजार का समाधान किया जा चुका है। दूरस्थ क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याओं का समाधान प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट का भी वितरण किया गया। राज्य मंत्री ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री स्वयं विभिन्न स्थानों पर जाकर अभियान की निगरानी कर रहे हैं और जनता की समस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित कर रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि यह अभियान प्रदेश के लिए मील का पत्थर साबित होगा।
इस अवसर पर राज्य मंत्री शोभाराम प्रजापति, किसान आयोग के अध्यक्ष अजीत चौधरी, मंडल अध्यक्ष अतुल, मास्टर सतपाल, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, ग्राम प्रधान, जनप्रतिनिधि एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!