
हरिद्वार। बढ़ती गैस महंगाई, सिलेंडरों की किल्लत और कालाबाजारी के विरोध में जन अधिकार पार्टी (जनशक्ति) ने बुधवार को हरिद्वार में जोरदार प्रदर्शन किया। पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव हेमा भंडारी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने ऋषिकुल चौक से सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय तक रैली निकालकर प्रदर्शन किया और सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपा।
हेमा भंडारी ने कहा कि लगातार बढ़ती गैस सिलेंडर की कीमतों ने गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों की रसोई पर सीधा असर डाला है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता को घंटों लाइन में लगकर गैस लेनी पड़ रही है, जबकि कई जगहों पर आपूर्ति भी बाधित है। उन्होंने कहा कि बाजार में खुलेआम कालाबाजारी हो रही है, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है।
विधानसभा अध्यक्ष ग्रामीण कोमल और महिला जिला उपाध्यक्ष गरिमा ठाकुर ने भी महंगाई पर चिंता जताते हुए कहा कि हालात इतने खराब हो गए हैं कि कई परिवारों को मजबूर होकर फिर से लकड़ी और चूल्हे पर खाना बनाना पड़ रहा है।
पार्टी ने अपनी मांगों में गैस सिलेंडर की कीमतों में तत्काल कमी, उत्तराखंड में सुचारु आपूर्ति, कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई और गरीब परिवारों को विशेष सब्सिडी देने की बात रखी।
जन अधिकार पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द समस्या का समाधान नहीं किया तो राज्यभर में “रसोई बचाओ आंदोलन” चलाया जाएगा।
इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष हसरत ठेकेदार, प्रदेश सचिव कुर्बान अली, प्रदेश प्रवक्ता मास्टर रिजवान, जिलाध्यक्ष नदीम, युवा जिलाध्यक्ष शालीम शाह समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
