
उत्तराखण्ड / देहरादून। उत्तराखण्ड जल संस्थान कर्मचारी संगठन, उत्तराखण्ड प्रदेश का द्विवार्षिक चुनाव 22 अगस्त को देहरादून के नेहरू कॉलोनी में सौहार्दपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। चुनाव अधिकारी दिनेश पंत एवं सहायक चुनाव अधिकारी लाल बहादुर थापा की देखरेख में निर्वाचन प्रक्रिया निष्पक्ष रूप से संपन्न कराई गई।
प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा के बाद गढ़वाल मंडल कार्यकारिणी का निर्वाचन कराया गया। इसमें सभी शाखाओं के प्रतिनिधियों की सर्वसम्मति से प्रवीण सैनी को लगातार दूसरी बार गढ़वाल मंडल अध्यक्ष चुना गया। वहीं विपिन उनियाल को गढ़वाल मंडल महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई।
नवनिर्वाचित गढ़वाल मंडल कार्यकारिणी में मालदत्त सती एवं दीपक चौहान को मंडल उपाध्यक्ष, दिनेश चौहान को मीडिया प्रभारी, चतर सिंह चौहान को कोषाध्यक्ष, कु. रविता सैनी एवं जितेन्द्र राजभर को संगठन सचिव, रिंकी तोमर को प्रचार सचिव तथा धनसिंह चौहान को कार्यालय सचिव चुना गया।
द्विवार्षिक अधिवेशन एवं निर्वाचन कार्यक्रम में कर्णप्रयाग, गोपेश्वर, चमोली, देवप्रयाग, ऋषिकेश, विकासनगर, कालसी, चकराता, उत्तरकाशी, त्यूनी, सहसपुर, हर्बर्टपुर, डोईवाला, मसूरी, हरिद्वार, रुड़की और पुरोला सहित विभिन्न शाखाओं से बड़ी संख्या में कर्मचारी शामिल हुए।
हरिद्वार शाखा से शाखा अध्यक्ष रघुवीर सिंह रावत एवं शाखा सचिव अमित कुमार के नेतृत्व में सैकड़ों कर्मचारियों ने कार्यक्रम में भाग लेकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
नवनिर्वाचित मंडल अध्यक्ष प्रवीण सैनी ने सभी शाखाओं के प्रतिनिधियों एवं कर्मचारी साथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन के हितों और कर्मचारियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए वह पूरी निष्ठा के साथ कार्य करेंगे तथा कर्मचारियों के हितों की आवाज को मजबूती से उठाते रहेंगे।










