हरिद्वार। बिशनपुर कुंडी गांव में होली के दिन रंग में भंग पड़ गया, जब दो पक्षों के बीच मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडों से जमकर मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान दोनों ओर से पत्थरबाजी भी की गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मामला पथरी थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार होली के जश्न के दौरान कुछ युवकों के बीच कहासुनी हो गई, जो थोड़ी ही देर में विवाद में बदल गई। इसके बाद दोनों पक्षों के कई लोग मौके पर पहुंच गए और देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, करीब 50 से अधिक लोगों की भीड़ एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला करती नजर आई। इस दौरान कुछ लोगों ने पत्थरबाजी भी शुरू कर दी। गांव की एक छत पर मौजूद युवक ने पूरी घटना को अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया, जिसके बाद वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वायरल वीडियो में महिलाओं की मौजूदगी भी दिखाई दे रही है, जिससे घटना की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
मारपीट और पथराव की इस घटना में कई लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां कुछ को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि अन्य का इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
थाना प्रभारी मनोज नौटियाल ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। उन्होंने बताया कि जल्द ही आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था कायम है।
