
हरिद्वार। हरिद्वार के भेल सेक्टर एक स्थित सामुदायिक भवन में रविवार 15 मार्च को रवा कुटुंब 2.0 पारिवारिक मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। जिसमें देशभर से रवा राजपूत समाज से जुड़े लोग शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान समाज के प्रतिभावान छात्रों और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही समाज में शिक्षा और सामाजिक एकता को बढ़ावा देने पर भी विशेष जोर दिया जाएगा। रानीपुर मोड़ स्थित कार्यालय में रवा राजपूत एकता एवं उत्थान समिति के पदाधिकारियों ने बैठक कर कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर पर चर्चा की।
इस अवसर पर समिति के सलाहकार हरिप्रकाश राजपूत ने बताया कि समिति लंबे समय से आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों की शिक्षा में सहयोग कर रही है। इसके अलावा निर्धन कन्याओं के विवाह में भी संगठन द्वारा आर्थिक सहायता दी जाती है। संगठन की स्थापना समाज को संगठित करने और आपसी सहयोग की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से की गई है। संगठन की शक्ति से समाज को एकजुट किया जा सकता है और इसी लक्ष्य को लेकर समिति लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष समिति ने ऐसे दस बच्चों की पूरे साल की फीस जमा कराई है, जो आर्थिक कारणों से अपनी पढ़ाई जारी रखने में असमर्थ थे। समिति के उपाध्यक्ष सतपाल सिंह तोमर ने कहा कि समाज के बीच बेहतर संवाद और आपसी जुड़ाव बढ़ाने के लिए इस प्रकार के कार्यक्रम आवश्यक हैं। पारिवारिक मिलन कार्यक्रम के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में रह रहे समाज के लोग एक मंच पर आएंगे और समाज के विकास के लिए विचार साझा करेंगे। कार्यक्रम संयोजक राजन विकास ने बताया कि आगामी रविवार को होने वाल परिवार मिलन समारोह में उत्तराखंड के विभिन्न जिलों के अलावा देश के अन्य राज्यों से भी समाज के लोग शामिल होंगे। कार्यक्रम में समाज की प्रतिभाओं को सम्मानित करने के साथ-साथ शिक्षा, सामाजिक सहयोग और संगठन को मजबूत बनाने पर भी चर्चा की जाएगी।
उन्होंने समाज के सभी लोगों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इसे सफल बनाने की अपील की है। प्रेस वार्ता में समिति के महासचिव विकास राजपूत और अध्यक्ष अर्जुन सिंह राजपूत भी उपस्थित रहे।
