हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र के हरि लोक तिराहे के पास देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब अचानक हाईवे पर आए एक कुत्ते को बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी रेलिंग से जा टकराई।
मृतक की पहचान 30 वर्षीय शुभम कश्यप निवासी मिस्सरपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शुभम देर रात अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान हरि लोक तिराहे के पास अचानक एक कुत्ता सड़क पर आ गया। उसे बचाने के प्रयास में शुभम की बाइक का संतुलन बिगड़ गया और तेज रफ्तार बाइक रेलिंग से जा भिड़ी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही ज्वालापुर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुटी है।
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि सड़क पर अचानक आए कुत्ते को बचाने के दौरान बाइक अनियंत्रित होकर रेलिंग से टकरा गई।
