हरिद्वार / रुड़की। भगवानपुर एक्सप्रेसवे पर मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक चलती कार में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते कार आग के गोले में तब्दील हो गई। गनीमत रही कि चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते कार से कूदकर अपनी जान बचा ली।
जानकारी के अनुसार बढ़ेड़ी राजपूतान निवासी इल्तिज़ा दवाइयां लेने सहारनपुर जा रहे थे। इसी दौरान एक्सप्रेसवे पर चलते समय कार के बोनट से अचानक धुआं निकलने लगा। चालक कुछ समझ पाता, उससे पहले ही कुछ सेकेंड में कार से आग की लपटें उठने लगीं और पूरा वाहन आग की चपेट में आ गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।
हादसे के बाद चालक ने वाहन कंपनी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
