सड़क हादसे में पिता की मौत, गंभीर घायल बेटा हायर सेंटर रेफर…

हरिद्वार / लक्सर। हरिद्वार जनपद के लक्सर क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं। लक्सर–बालावाली मार्ग पर अकोढा कला गांव के पास गन्ने से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार पिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका 14 वर्षीय बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार पंडितपुरी निवासी लोकेंद्र अपने बेटे अनमोल के साथ देर रात घर लौट रहे थे। जैसे ही वे अकोढा कला गांव के पास पुलिया के समीप पहुंचे, तभी गन्ने से लदी ट्रैक्टर ट्रॉली से उनकी मोटरसाइकिल की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि लोकेंद्र ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल अनमोल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार बच्चे की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है।
वहीं, स्थानीय लोगों ने पुलिस के देर से पहुंचने पर नाराजगी जताई और क्षेत्र में बेलगाम दौड़ रहे भारी वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!