
हरिद्वार। समस्त ग्लोबल पंजाबी जाग्रति सोसाइटी (रजि.) की कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक 29 मार्च को संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता हरिद्वार के प्रतिष्ठित समाजसेवी जगदीश लाल पाहवा ने की। इस अवसर पर महामंडलेश्वर स्वामी अरुण दास महाराज की विशेष उपस्थिति ने कार्यक्रम को और अधिक गरिमामय बना दिया।
बैठक में सर्वसम्मति से जगदीश लाल पाहवा को संस्था का चेयरमैन नियुक्त किया गया। इस अवसर पर संस्था के नेशनल प्रेसिडेंट डी. आर. नरूला ने सभी सदस्यों एवं अतिथियों का स्वागत किया तथा स्वामी अरुण दास महाराज और नवनियुक्त चेयरमैन जगदीश लाल पाहवा का विशेष अभिनंदन किया। उन्होंने संस्था के आगामी कार्यक्रमों और भविष्य की योजनाओं पर भी विस्तार से चर्चा की।
बैठक में राजीव धई, रमेश आहूजा, चरणजीत अरोड़ा, जवाहर लूथरा, एस. के. सचदेवा और अवनीश भाटिया सहित अन्य सदस्यों ने अपने विचार रखे और संस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
सदस्यों ने विचार व्यक्त किया कि संस्था का उद्देश्य विश्वभर में बसे लगभग 15 करोड़ पंजाबियों को एक मंच पर जोड़ना है, ताकि सभी को एक झंडे के नीचे संगठित कर पंजाबी संस्कृति, पहचान और गौरव को वैश्विक स्तर पर मजबूत किया जा सके। इसके साथ ही समाज की आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक उन्नति के लिए संगठित प्रयास किए जाएंगे।
वक्ताओं ने कहा कि पंजाबी समाज ने सदैव अपने परिश्रम, साहस और पुरुषार्थ के बल पर देश और समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है और आगे भी समाज की एकजुटता से नई ऊंचाइयों को प्राप्त किया जा सकेगा।
