
हरिद्वार। संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी के 649वें प्रकाश उत्सव को लेकर हरिद्वार में तैयारियां शुरू हो गई हैं। निर्मला छावनी स्थित भगवान रविदास आश्रम में मंगलवार को कार्यक्रम की रूपरेखा को लेकर सेवादारों और पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए विस्तृत रणनीति तैयार की गई। बैठक में बताया गया कि गुरु रविदास साधु सम्प्रदाय सोसायटी पंजाब के अध्यक्ष संत निर्मल दास के संयोजन में चार अप्रैल को निर्मला छावनी स्थित भगवान रविदास आश्रम से हरकी पैड़ी तक भव्य दमड़ी शोभा यात्रा निकाली जाएगी। शोभा यात्रा में लाखों की संख्या में सेवादार और श्रद्धालु शामिल होंगे। इस दौरान संत गुरु रविदास के संदेशों का प्रचार प्रसार किया जाएगा और भक्ति गीतों के साथ श्रद्धालु शहर में शोभायात्रा के रूप में आगे बढ़ेंगे।
आश्रम के प्रबंधक राजकुमार डोगर ने जानकारी दी कि पंजाब के जालंधर रेलवे स्टेशन से दो विशेष ट्रेनें भरकर श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचेंगे, जिनके स्वागत और ठहरने की व्यवस्था आश्रम की ओर से की जा रही है। बताया कि पांच अप्रैल को भगवान रविदास आश्रम में श्री अखंड साहिब पाठ का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही श्रद्धालुओं के लिए कथा कीर्तन और विशाल लंगर की व्यवस्था भी की जाएगी, ताकि दूर-दराज से आने वाले भक्तों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि प्रकाश उत्सव को भव्य बनाने के लिए सभी सेवादार पूरी निष्ठा से तैयारियों में जुटे हुए हैं।
पूर्व मण्डी अध्यक्ष सेवादार संजय चोपड़ा ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास ने समाज को समानता, भाईचारे और मानवता का संदेश दिया। उनके सम्मान में हरिद्वार में गंगा घाट और एक पार्क का निर्माण किया जाना चाहिए, जिससे आने वाली पीढ़ियां भी उनके महान विचारों से प्रेरणा ले सकें। उन्होंने कहा कि प्रकाश उत्सव के माध्यम से संत गुरु रविदास के संदेशो को समाज तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
बैठक में सरदार पाल सिंह, टिंकू कुमार, देवेंद्र कुमार, संतराम, लव दीप, दिनेश गुप्ता, पंडित मनीष शर्मा, निशांत पांडे, कमल, प्रताप सिंह, शशिकांत, दयाराम, राजकुमार आदि ने प्रमुख रूप से अपने विचार व्यक्त किये।
