
हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एवं मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्र के निर्देशन में जिला पंचायत हरिद्वार की ओर से 24 अक्टूबर 2026 को नमामि गंगे घाट (चंडी घाट), हरिद्वार में वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान घाट परिसर में सफाई करते हुए करीब 230 किलो कूड़े का निस्तारण किया गया। स्वच्छता अभियान में जिला पंचायत के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ पर्यावरण मित्रों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई।
अभियान में जिला पंचायत हरिद्वार के अपर मुख्य अधिकारी महेश कुमार, अभियंता अनिल रावत, समस्त कनिष्ठ अभियंताओं, टैक्स वसूली कर्मचारियों एवं अन्य संबंधित कार्मिकों ने श्रमदान कर स्वच्छता कार्यों में योगदान दिया। अभियान का उद्देश्य गंगा घाटों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने के साथ ही आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना रहा।
जिला पंचायत हरिद्वार के अपर मुख्य अधिकारी महेश कुमार ने कहा कि गंगा घाटों की स्वच्छता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। घाटों पर आने वाले श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि गंगा नदी की निर्मलता और पवित्रता को बनाए रखने के लिए नियमित सफाई के साथ जनसहभागिता भी बेहद जरूरी है। स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए सभी को अपने आसपास सफाई रखने और कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने की आदत अपनानी चाहिए।
जिला पंचायत की ओर से स्वच्छता अभियान को आगे भी जारी रखा जाएगा। इसी क्रम में 28 अक्टूबर 2026 को पुनः स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। अभियान के माध्यम से गंगा घाटों को साफ-सुथरा रखने, कूड़े का उचित निस्तारण करने और लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया जाएगा।
जिला पंचायत प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि गंगा घाटों की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें और नदी एवं उसके आसपास कूड़ा-कचरा न फैलाएं, ताकि गंगा की निर्मलता और पवित्रता को बनाए रखा जा सके।












