बसंत स्पोर्ट्स 2026 : दयालबाग में उमंग और उल्लास के साथ संपन्न हुआ भव्य आयोजन…

आगरा। दयालबाग में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी बसंत उत्सव अत्यंत हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। इस उपलक्ष्य में दयालबाग़ मेँ 20 जनवरी से 23 जनवरी तक अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी श्रृंखला में 21 जनवरी की दोपहर में बसंत स्पोर्ट्स 2026 का आयोजन किया गया, जिसमें दयालबाग के विभिन्न मोहल्लों के निवासियों, बच्चों, युवकों एवं युवतियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस भव्य आयोजन को देखने के लिए सैकड़ों की संख्या में दर्शक उपस्थित रहे और उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। दयालबाग के ई-सत्संग केसकेड द्वारा इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया, जिसे देश-विदेश में बसे सत्संगियों ने भी बड़े उत्साह के साथ देखा।
गुरु महाराज के आगमन पर उन्हें श्रद्धापूर्वक ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया गया। मुख्य अतिथि के रूप में दयालबाग के प्रेसिडेंट, माननीय श्री गुर स्वरूप सूद साहब ने ध्वजारोहण कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। प्रार्थना के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई।
सबसे पहले 15 से 40 वर्ष तक के युवाओं का एक भव्य मार्चपास्ट हुआ I इसका विशेष आकर्षण मार्चपास्ट में शामिल कैटल ग्रुप था जिसमें 10 ऊंट, 52 बकरियां, और भोलू भैंसा अपनी गाड़ी के साथ शामिल थे I मार्चपास्ट में आदरणीय प्रेसिडेंट साहब को सलामी दी गई ।
प्रतियोगिताओं का रोमांचक आयोजन
इस अवसर पर विभिन्न वर्गों में अनेक खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें निम्नलिखित वर्गों के प्रतिभागियों ने भाग लिया:

  1. जेंडर-फ्री सुपर ह्यूमेन चिल्ड्रेन वर्ग
  2. सब-जूनियर वर्ग – 9 से 12 वर्ष के लड़के एवं लड़कियां
  3. जूनियर वर्ग – 12 से 15 वर्ष के लड़के एवं लड़कियां
  4. सीनियर वर्ग – 15 से 18 वर्ष के लड़के एवं लड़कियां
  5. अन्य वर्ग – 18 से 22 वर्ष के लड़के एवं लड़कियां
  6. मोहल्ला पंच, सरपंच एवं दयालबाग के सुरक्षा गार्ड वर्ग
  7. आगरा की तीन सत्संग ब्रांच और दयालबाग के भाई साहबान का रस्साकशी वर्ग
    इस वर्ष की प्रतियोगिताओं का मुख्य आकर्षण जेंडर-फ्री सुपर ह्यूमेन चिल्ड्रेन’ के फेस वन और फेस टू के तहत आयोजित एनीमल रेस एवं बॉल बैलेंसिंग रेस रही। इन प्रतियोगिताओं में नन्हे-मुन्ने सुपरह्यूमन बच्चों ने अपने अद्भुत प्रदर्शन से सभी दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
    इस वर्ष की एक और विशेष बात रही कि विभिन्न प्रतियोगिताओं में स्वामी बाग के भी युवा लड़कों और लड़कियों ने अत्यंत उत्साह के साथ भाग लिया I
    प्रतियोगिता विजेताओं की घोषणा
    इस अवसर पर विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रेसिडेंट, माननीय श्री गुर स्वरूप सूद साहब द्वारा प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। विभिन्न वर्गों में चैंपियन घोषित किए गए विजेता इस प्रकार हैं:
  8. सब-जूनियर वर्ग
    लड़कों में : स्वेत नगर के अगम
    लड़कियों में : कार्यवीर नगर की मानवी
  9. जूनियर वर्ग
    लड़कों में : कार्यवीर नगर के परम आरत
    लड़कियों में : विद्युत नगर की अनन्या गर्ग
  10. सीनियर वर्ग
    लड़कों में : स्वेत नगर के प्रेम प्रसाद
    लड़कियों में : कार्यवीर नगर की कनक
    विशेष प्रस्तुतियाँ एवं समापन समारोह
    पुरस्कार वितरण के पश्चात दयालबाग के नियमित पी.टी. प्रतिभागियों द्वारा एक उत्कृष्ट पी.टी. प्रदर्शन किया गया, जिसने दर्शकों को रोमांचित कर दिया और जिसे सभी ने सराहा।
    परम पिता के चरणों में शुकराने एवं प्रार्थना के साथ यह भव्य आयोजन सफलता पूर्वक संपन्न हुआ।
    बसंत स्पोर्ट्स 2026 का यह आयोजन सभी प्रतिभागियों, आयोजकों और दर्शकों के लिए एक अविस्मरणीय अनुभव साबित हुआ। इस कार्यक्रम ने न केवल खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ाई बल्कि दयालबाग की सामूहिकता, अनुशासन, उत्कृष्टता और आध्यात्मिक मूल्यों को भी उजागर किया।
    वहीं देश-विदेश से सत्संगी भाई-बहन ऑनलाइन कैस्कैड के माध्यम से जुड़कर इस आनंदमय आयोजन के सहभागी बने। इस अवसर पर देश-विदेश से लाखों सत्संगियों ने ऑनलाइन एवं ऑफलाइन माध्यम से इस कार्यक्रम में सहभागिता की।
    इस आयोजन का देश-विदेश के लगभग 580 केंद्रों पर सजीव प्रसारण किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!