हरिद्वार / ज्वालापुर। हरिद्वार के ज्वालापुर क्षेत्र में दुर्गा चौक अंडरपास के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सड़क किनारे खड़ी एक कार में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी गाड़ी धू-धूकर जलने लगी और ऊंची लपटों ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी और सिर्फ उसका ढांचा ही बचा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग लगने के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और क्षेत्र में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया। प्रारंभिक अंदेशा शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी का लगाया जा रहा है, हालांकि आग लगने के सही कारणों की जांच की जा रही है।
गनीमत यह रही कि घटना के वक्त कार में कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। पुलिस और फायर विभाग पूरे मामले की जांच में जुटे हैं।
