Home / मुख्य ख़बर / वन क्षेत्रों में धूमधाम से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस, वनकर्मियों ने वन्यजीव संरक्षण और देशसेवा का लिया संकल्प…

वन क्षेत्रों में धूमधाम से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस, वनकर्मियों ने वन्यजीव संरक्षण और देशसेवा का लिया संकल्प…

हरिद्वार। देशभर के साथ धर्मनगरी हरिद्वार में भी शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। शहर के साथ-साथ वन क्षेत्रों में भी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। राजाजी टाइगर रिजर्व की हरिद्वार रेंज तथा हरिद्वार वन प्रभाग की विभिन्न रेंजों में वन अधिकारियों और कर्मचारियों ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी।
राजाजी टाइगर रिजर्व की हरिद्वार रेंज में आयोजित कार्यक्रम में नवनियुक्त वन क्षेत्राधिकारी आभा रतूड़ी ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान उन्होंने सभी वनकर्मियों को अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।
वन क्षेत्राधिकारी ने कहा कि वन एवं वन्यजीवों की सुरक्षा के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण भी वन विभाग की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने कर्मचारियों से अपने कार्यों में उत्कृष्टता और अनुशासन बनाए रखने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान वनकर्मियों ने वन्यजीव संरक्षण एवं संवर्धन के साथ देश सेवा के प्रति समर्पित रहने का संकल्प लिया।
हरिद्वार वन प्रभाग की चिड़ियापुर, श्यामपुर सहित विभिन्न रेंजों में भी स्वतंत्रता दिवस समारोह उत्साहपूर्वक मनाया गया। हरिद्वार रेंज में रेंज अधिकारी शीशपाल सौंडियाल ने ध्वजारोहण किया। उन्होंने वनकर्मियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए अपने कर्तव्यों के प्रति सजग और जिम्मेदार रहने का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि वनकर्मी प्राकृतिक संपदा और वन्यजीवों की सुरक्षा के साथ राष्ट्र की सेवा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इस अवसर पर वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने देश की एकता, अखंडता और पर्यावरण संरक्षण के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!