
हरिद्वार। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तराखण्ड तथा जिलाधिकारी, हरिद्वार के निर्देशों के क्रम में शुक्रवार को सहायक आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन महिमानन्द जोशी के नेतृत्व में बैरागी कैंप में अवस्थित ढाबों, रेस्टोरेंटों तथा अन्य स्थाई एव अस्थाई खाद्य प्रतिष्ठानों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया।
पहले दल में योगेंद्र पांडे एवं कैलाश चन्द्र टम्टा द्वारा उक्त स्थान पर स्थित ढाबों एवं रेस्टोरेंट एवं अन्य व्यवसायिक प्रतिष्ठानों से चना दाल, ब्रेड पकौड़े, आलू की सब्जी, पक्के हुए चावल सहित कुल 09 नमूने प्रयोगशाला में जांच हेतु लिए गए।इसके अतिरिक्त अभियान दल ने 01 प्रतिष्ठान में कोल्ड्रिंक की दो लीटर की 04 बोतलों को लेवलिंग सूचनाओं की अस्पष्टा के कारण नष्ट करा दिया, साथ ही 01 प्रतिष्ठान में अस्वच्छकारी दशा में रहे होने के कारण लगभग 04 किलो मसाले नष्ट करवा दिए गए। सभी खाद्य कारोबारियों को साफ-सफाई एवं स्वच्छ रखने, खाद्य पदार्थों को ढक कर रखने तथा ताजा भोजन प्रदार्थ ही यात्रियों को परोसने और पंजीकरण अनुज्ञप्ति को प्रतिष्ठान में प्रदर्शित करने एवं फूड सेफ्टी डिस्प्ले बोर्ड प्रदर्शित करने के भी निर्देश दिए गए।
इस विशेष अभियान के दौरान कुल 35 खाद्य व्यवसाय प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।
इसके अतिरिक्त अभियान दल ने दीनदयाल पार्किंग, रोड़ी बेलवाला पार्किंग, गऊ घाट, हरकी पैड़ी आदि क्षेत्रों में स्थाई एवं अस्थाई खाद्य प्रतिष्ठानों का आकस्मिक निरीक्षण किया। अभियान के दौरान रोड़ी बेलवाला स्थित 01 खाद्य व्यवसाई से खराब हो चुके लगभग 100 कुलचे/बंद तथा 01 अन्य प्रतिष्ठान से खराब को चुके 01 किलो मसाले नष्ट करवाए गए। उक्त समस्त स्थानों पर स्थित खाद्य व्यवसाय प्रतिष्ठानों के संचालकों को साफ-सफाई एवं स्वच्छता रखने एवं कालातीत सामग्री को विक्रय न करने के निर्देश दिए गए, साथ ही खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 की विभिन्न धाराओं में 02 खाद्य कारोबारियों को नोटिस दिया गया। अभियान आगे भी जारी रहेगा।










