रोटरी हरिद्वार का सराहनीय प्रयास: 192 बच्चियों को लगाया गया HPV वैक्सीन, सर्वाइकल कैंसर रोकथाम अभियान सफल…

हरिद्वार। सामाजिक सेवा एवं जनस्वास्थ्य के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही रोटरी हरद्वार द्वारा बुधवार को दौलतपुर स्थित पब्लिक स्कूल में HPV (सर्वाइकल कैंसर) रोकथाम टीकाकरण अभियान का सफल आयोजन किया गया। इस अभियान के अंतर्गत विद्यालय की छात्राओं सहित बाहर से आई कुल 192 बच्चियों को निःशुल्क HPV वैक्सीन लगाई गई।
टीकाकरण कार्यक्रम सुबह 9:30 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक चला। उल्लेखनीय है कि पूरे आयोजन के दौरान किसी भी अभिभावक या बच्ची से किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया गया।
रोटरी हरिद्वार की ओर से अध्यक्ष डॉ. आलोक सारस्वत, रो. बी.एम. गुप्ता, रो. धर्मेंद्र सिंह मांधाता एवं एन. डॉ. श्वेता सारस्वत की उपस्थिति रही। मेडिकल टीम का नेतृत्व डॉ. अक्षय ने किया, जबकि श्रीकृष्णा आई इंस्टिट्यूट एवं डिवाइन कॉलेज ऑफ मेडिकल साइंसेज़ से आईं 05 नर्सों ने सेवाएं प्रदान कर टीकाकरण को सुचारू रूप से संपन्न कराया।
विद्यालय प्रबंधन की ओर से प्रधानाचार्या पूनम श्रीवास्तव, स्कूल डिस्पेंसरी इंचार्ज पलक एवं सभी अध्यापिकाओं ने पूरे उत्साह और सहयोग के साथ कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के समापन पर डॉ. आलोक सारस्वत ने स्कूल प्रबंधन एवं चिकित्सा टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रोटरी हरिद्वार भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी स्वास्थ्य अभियानों को निरंतर आयोजित करता रहेगा। उन्होंने बताया कि रोटरी मंडल 3080, मंडल सचिव रो. पंकज पांडे एवं मंडलाध्यक्ष रो. रवि प्रकाश के सहयोग से इस प्रकार की सामाजिक पहल को गति मिल रही है।
गौरतलब है कि रोटरी वर्ष 2025–26 में अब तक दो टीकाकरण शिविरों के माध्यम से कुल 442 बच्चियों को HPV वैक्सीन लगाई जा चुकी है, जो सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
यह पहल समाज में बालिकाओं के स्वास्थ्य संरक्षण और जागरूकता बढ़ाने की दिशा में रोटरी हरिद्वार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!