
हरिद्वार / कनखल। बैसाखी के पावन एवं उल्लासमय अवसर पर शिवडेल स्कूल एवं स्ववेद प्ले ग्रुप, कनखल हरिद्वार में पारंपरिक संस्कृति, उत्साह और आनंद से परिपूर्ण एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने जोश और उमंग के साथ पंजाबी लोकनृत्य भांगड़ा एवं गिद्धा की मनमोहक प्रस्तुतियाँ दीं, जिन्होंने सभीको मंत्रमुग्ध कर दिया। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने भी पारंपरिक वेशभूषा में अपनी आकर्षक प्रस्तुतियों से सभी का हृदय जीत लिया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को बैसाखी के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक महत्व से भी अवगत कराया गया, जिससे उनमें अपनी परंपराओं के प्रति जागरूकता और गर्व की भावना विकसित हो। इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन स्वामी शरद पुरी ने अपने प्रेरणादायी संदेश में कहा कि बैसाखी का पर्व हमें परिश्रम, एकता, समृद्धि और नवचेतना का संदेश देता है। उन्होंने विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति से जुड़े रहने तथा जीवन में अनुशासन, परिश्रम और नैतिक मूल्यों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। प्रधानाचार्य अरविंद बंसल ने कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे कार्यक्रम न केवल उनकी प्रतिभा को निखारते हैं, बल्कि उनमें आत्मविश्वास, रचनात्मकता एवं सामाजिक समन्वय की भावना भी विकसित करते हैं। कार्यक्रम के सफल आयोजन में कोऑर्डिनेटर विपिन मलिक एवं विनीत मिश्रा तथा विद्यालय के समर्पित शिक्षकों की टीम के अथक प्रयासों का विशेष योगदान रहा, जिनकी निष्ठा और परिश्रम से यह आयोजन अत्यंत सफल, प्रभावशाली एवं अविस्मरणीय बन सका। अंत में सभी ने मिलकर इस पावन पर्व की खुशियाँ साझा कीं और आपसी सौहार्द एवं उल्लास का संदेश दिया।
