
हरिद्वार। मां मनसा देवी पैदल मार्ग पर व्यापार की अनुमति बहाल करने की मांग को लेकर लघु व्यापारियों ने मंगलवार को लघु व्यापार एसोसिएशन के प्रांतीय अध्यक्ष संजय चोपड़ा के नेतृत्व में पुराने माल गोदाम से सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय तक पैदल मार्च निकाला और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नाम ज्ञापन प्रेषित किया।
ज्ञापन में व्यापारियों ने दो प्रमुख मांगें उठाईं। पहली, मां मनसा देवी पैदल मार्ग को तीर्थ यात्रियों के लिए पुनः खोला जाए और दूसरी, पैदल मार्ग पर स्थानीय लघु व्यापारियों को कारोबार की अनुमति दी जाए साथ ही राजाजी नेशनल पार्क प्रशासन की निगरानी में ईको विकास समिति गठित कर व्यवस्थित व्यापार संचालन की व्यवस्था किए जाने की मांग भी की गई।
इस दौरान संजय चोपड़ा ने कहा कि 27 जुलाई 2025 को हुई दुर्घटना के बाद प्रशासन ने सुरक्षा कारणों से पैदल मार्ग को बंद कर दिया था, लेकिन लंबे समय बीतने के बावजूद इसे दोबारा नहीं खोला गया, जो कि स्थानीय व्यापारियों के साथ अन्याय है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के अन्य धार्मिक स्थलों जैसे बद्रीनाथ धाम, केदारनाथ धाम, गंगोत्री धाम, यमुनोत्री धाम, नीलकंठ महादेव मंदिर और पूर्णागिरि मंदिर की तर्ज पर यहां भी व्यापार संचालन की अनुमति दी जानी चाहिए।
मां मनसा देवी पैदल मार्ग लघु व्यापार एसोसिएशन के अध्यक्ष कमल प्रताप चौहान ने बताया कि इस मार्ग पर सैकड़ों परिवार वर्षों से फूल-प्रसाद, बिंदी, चूड़ी और अन्य सामग्री बेचकर अपना जीवनयापन कर रहे थे। मार्ग बंद होने के कारण कई परिवारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
व्यापारियों ने मांग की कि राष्ट्रीय आजीविका मिशन के तहत भौतिक सत्यापन कर स्थानीय लोगों को सरकार के संरक्षण में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएं।
इस मौके पर राजकुमार, सुनील कुकरेती, कमल, प्रताप, दयाराम, शशिकांत, दुर्गेश, लव कुश, कृष्णागिरी, टिंकू, सुनील, अनिल, वेद प्रकाश, बृजमोहन, संजय चौहान, प्रियंका सिंह, मनीष शर्मा, कुसुम, मौर्य, राजकुमार, आरती गोसाई, कमल सरकार, कंचन देवी, मीणा, लालचंद, विजय, भोला यादव आदि भारी तादाद में लघु व्यापारी मौजूद रहे और उन्होंने प्रशासन से जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की।
