
हरिद्वार। भारत की जनगणना-2027 के अंतर्गत संचालित स्व-गणना अभियान को जन-जन तक पहुंचाने तथा आम नागरिकों को इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से राजकीय मॉडल महाविद्यालय मीठीबेरी लालढांग में स्व-गणना जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं समस्त स्टाफ को जनगणना के महत्व, स्व-गणना की प्रक्रिया तथा ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से परिवार का विवरण दर्ज करने की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्राचार्य अर्चना गौतम ने अपने संबोधन में कहा कि जनगणना देश के सामाजिक, आर्थिक एवं जनसांख्यिकीय विकास की आधारशिला है। जनगणना से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर ही सरकार विभिन्न विकास योजनाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास तथा अन्य जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करती है। उन्होंने कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता और सहयोग आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से इस अभियान के प्रति स्वयं जागरूक होने तथा समाज के अन्य लोगों को भी जागरूक करने की अपील की।
जिला फील्ड ट्रेनर शिवा अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि जनगणना केवल जनसंख्या की गणना करने की प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह देश के वर्तमान सामाजिक एवं आर्थिक स्वरूप को समझने और भविष्य की विकास योजनाओं को दिशा देने का महत्वपूर्ण माध्यम है। जनगणना-2027 में स्व-गणना की सुविधा शुरू किया जाना डिजिटल व्यवस्था की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इसके माध्यम से नागरिक निर्धारित ऑनलाइन पोर्टल पर स्वयं अपने परिवार का विवरण दर्ज कर सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि वे तकनीकी रूप से जागरूक होने के साथ-साथ समाज में डिजिटल साक्षरता और जनगणना जागरूकता के प्रसार में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से अपने परिवार, पड़ोसियों, रिश्तेदारों एवं आसपास के लोगों को स्व-गणना के प्रति प्रेरित करने का आह्वान किया।
कार्यशाला में जिला प्रशिक्षक रवि कुमार गोस्वामी एवं शरद भारद्वाज ने छात्र-छात्राओं तथा महाविद्यालय के समस्त स्टाफ को स्व-गणना की ऑनलाइन प्रक्रिया का विस्तारपूर्वक प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षकों ने पोर्टल पर प्रवेश करने, आवश्यक विवरण भरने, परिवार से संबंधित जानकारियां दर्ज करने तथा स्व-गणना की प्रक्रिया को सफलतापूर्वक पूर्ण करने के विभिन्न चरणों को व्यावहारिक रूप से समझाया। उन्होंने बताया कि स्व-गणना के माध्यम से नागरिक स्वयं अपने परिवार की जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। इस प्रक्रिया से लोगों की सहभागिता बढ़ेगी और जनगणना के प्रति जागरूकता का व्यापक प्रसार होगा। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को प्रक्रिया से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं तथा उनकी जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया।
कार्यशाला में प्रो. सत्येंद्र कुमार, निवेदिता प्रियदर्शिनी, अरविंद वर्मा, विनोद उनियाल, बी.आर. भट्टी, शशिधर, पूनम एवं सूरज सहित महाविद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यशाला के माध्यम से विद्यार्थियों एवं महाविद्यालय के कर्मचारियों को जनगणना-2027 की स्व-गणना प्रक्रिया की जानकारी प्रदान की गई। सभी प्रतिभागियों ने इस राष्ट्रीय महत्व के अभियान में सहयोग करने तथा अपने आसपास के लोगों को जागरूक करने का संकल्प लिया।












