
हरिद्वार। संविधान दिवस के अवसर पर एसएमजेएन (पीजी) कॉलेज, हरिद्वार में आतंरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ, विधिक सहायता प्रकोष्ठ, एंटी ड्रग सेल एवं मेरा युवा भारत, हरिद्वार के संयुक्त तत्वावधान में नशामुक्त भारत तथा विकसित भारत विषय पर युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज प्रबंधन समिति के अध्यक्ष एवं अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहन्त डॉ. रविन्द्र पुरी महाराज ने की। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान, गुवाहाटी के अध्यक्ष पदमश्री प्रो.(डॉ.) बी.के.एस. संजय उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ संविधान की प्रस्तावना के मूल भावों एवं संवैधानिक मूल्यों के स्मरण के साथ हुआ। इस अवसर पर वक्ताओं ने युवाओं को भारतीय संविधान के आदर्शों, मौलिक कर्तव्यों, सामाजिक उत्तरदायित्व तथा नशामुक्त भारत के संकल्प से जोड़ते हुए अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए श्रीमहन्त डॉ. रविन्द्र पुरी महाराज ने कहा कि भारत का युवा, देश की सबसे बड़ी शक्ति और भविष्य का आधार है। यदि युवा नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहकर अपनी ऊर्जा का उपयोग शिक्षा, संस्कार, सेवा और राष्ट्र निर्माण में करें, तो विकसित भारत का सपना निश्चित रूप से साकार हो सकता है। उन्होंने कहा कि संविधान हमें अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी बोध कराता है। प्रत्येक युवा को नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लेकर अपने परिवार, मित्रों और समाज को भी इसके प्रति जागरूक करना चाहिए। श्रीमहन्त डॉ. रविन्द्र पुरी महाराज ने कहा कि युवा संविधान के मूल्यों को आत्मसात कर विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका का निर्वहन करें।
इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित प्रो.(डॉ) बी.के.एस. संजय ने अपने संबोधन में कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही प्रभावित नहीं करता, बल्कि उसके परिवार, सामाजिक जीवन और राष्ट्र की उत्पादकता पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालता है। उन्होंने कहा कि युवा हमारे देश का भविष्य और सबसे बड़ी शक्ति हैं, लेकिन नशे की बढ़ती प्रवृत्ति उनकी क्षमता और संभावनाओं को कमजोर कर रही है। माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए युवाओं को नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा और प्रतिभा राष्ट्र निर्माण में लगानी होगी। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण किसी व्यक्ति विशेष की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य और दायित्व है। युवावस्था जीवन निर्माण का महत्वपूर्ण समय है, इसलिए युवाओं को नशे से दूर रहकर शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने, स्वास्थ्य संबंधी भ्रांतियों से बचने तथा नशे के विरुद्ध जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया। प्रो. बी.के.एस. संजय ने अपने संबोधन में कहा कि संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था और सामाजिक समरसता का आधार है। युवाओं को संविधान में प्रदत्त अधिकारों के साथ-साथ अपने मौलिक कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षित, जागरूक एवं जिम्मेदार युवा ही देश के लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करते हुए भारत को विकास के नए आयामों तक पहुंचा सकते हैं। प्रो. बी.के.एस. संजय ने सड़क सुरक्षा विषय पर ख़तरा शीर्षक की अपनी एक कविता का भी पाठ किया जिसके द्वारा उन्होंने देश के नौजवानो को सुरक्षित और सयंमित जीवन का सन्देश दिया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. सुनील कुमार बत्रा ने कहा कि संविधान दिवस हमें भारतीय लोकतंत्र के मूल आदर्शों एवं संवैधानिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षण संस्थानों का दायित्व केवल विद्यार्थियों को शैक्षणिक ज्ञान प्रदान करना ही नहीं, बल्कि उनमें सामाजिक चेतना, नैतिक मूल्यों और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी है। नशामुक्त विकसित भारत का लक्ष्य तभी प्राप्त किया जा सकता है, जब युवा स्वयं जागरूक बनें और समाज में सकारात्मक परिवर्तन के वाहक बनें।
मेरा युवा भारत, उत्तराखंड के सहायक निदेशक ब्रजेश कौशिक ने कहा कि महाविद्यालय में इस प्रकार के कार्यक्रमों का आयोजन विद्यार्थियों में सामाजिक चेतना, नैतिक जिम्मेदारी एवं राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे संविधान के आदर्शों को अपने आचरण में उतारते हुए विकसित राष्ट्र के निर्माण में सक्रिय योगदान दें।
छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. संजय माहेश्वरी ने कहा कि युवा संवाद जैसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को सामाजिक एवं राष्ट्रीय मुद्दों पर अपने विचार व्यक्त करने तथा उनके समाधान में सक्रिय भागीदारी करने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को संविधान में निहित समानता, स्वतंत्रता, बंधुत्व एवं न्याय के आदर्शों को अपने व्यवहार में उतारते हुए नशामुक्त और समरस समाज के निर्माण में योगदान देना चाहिए।
राजनीति विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. विनय थपलियाल ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों, संवैधानिक अधिकारों एवं कर्तव्यों तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया। इस कार्यक्रम में मंच सञ्चालन डॉ पल्लवी तथा डॉ मीनाक्षी शर्मा द्वारा किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के विद्यार्थियों हेमंत अग्रवाल, अंशिका, आदर्श, आरव सहगल, प्रिन्सी राजपूत तथा युवा आइकॉन अथर खान ने नशा मुक्त विकसित भारत विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किये। इस कार्यक्रम में मेरा युवा भारत के एपीएस धर्म सिंह रावत, महाविद्यालय से नलिनी जैन, शिव कुमार चौहान, मनोज कुमार सोही, रिचा मिनोचा, रिंकल गोयल, वैभव बत्रा, गीता शाह, कविता छाबड़ा, आशा शर्मा, लता शर्मा, मोना शर्मा, अनुरिषा, विजय शर्मा, विनीत सक्सेना, पुनिता शर्मा, पदमावती तनेजा, गौरव अग्रवाल, दीपिका आनन्द, पंकज भट्ट, अंजलि शर्मा, कालिन्दी चौधरी, कार्यालय अधीक्षक मोहन चन्द्र पाण्डेय, निशांत चौहान, रंजीता, शुभम तोमर सहित अनेक छात्र छात्राएं उपस्थित रहे।













