Home / मुख्य ख़बर / विधानसभा हरिद्वार से भाजपा नेता डॉ. विशाल गर्ग ने पेश की दावेदारी, 20 वर्षों की जनसेवा को बनाया आधार…

विधानसभा हरिद्वार से भाजपा नेता डॉ. विशाल गर्ग ने पेश की दावेदारी, 20 वर्षों की जनसेवा को बनाया आधार…

हरिद्वार। विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियों के बीच भाजपा नेता एवं समाजसेवी डॉ. विशाल गर्ग ने हरिद्वार विधानसभा सीट से अपनी दावेदारी पेश करने की तैयारी तेज कर दी है। करीब 20 वर्षों से समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय डॉ. विशाल गर्ग ने चुनाव लड़ने की इच्छा जताते हुए अपना बायोडाटा पार्टी फोरम तक पहुंचा दिया है। उनकी दावेदारी के पीछे लंबे समय से किए जा रहे सामाजिक कार्यों और आमजन के बीच उनकी सक्रियता को प्रमुख आधार माना जा रहा है।
डॉ. विशाल गर्ग पिछले दो दशकों से स्वास्थ्य, शिक्षा, रक्तदान और जरूरतमंदों की सहायता के क्षेत्र में लगातार काम कर रहे हैं। उनका दावा है कि समाजसेवा के कार्यों में उन्होंने कभी जाति और धर्म को आधार नहीं बनाया, बल्कि जरूरतमंद व्यक्ति की मदद को ही अपना प्रमुख उद्देश्य रखा है। समर्थकों का मानना है कि यदि पार्टी उन्हें विधानसभा चुनाव में मौका देती है तो उनके मिलनसार स्वभाव, सामाजिक संपर्क और क्षेत्र की समस्याओं की जानकारी का लाभ आमजन को मिल सकता है।
डॉ. विशाल गर्ग ने पिछले 20 वर्षों में शहर से लेकर दूरस्थ क्षेत्रों तक स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन कराया है। इन शिविरों में विशेषज्ञ चिकित्सकों के माध्यम से लोगों के स्वास्थ्य की जांच कराई गई। जरूरतमंदों को अस्पतालों में नि:शुल्क ओपीडी और उपचार शुल्क में छूट दिलाने के लिए भी वे प्रयासरत रहे हैं।
इसके साथ ही उन्होंने रक्तदान शिविरों के माध्यम से लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक किया। ब्लड बैंक के सहयोग से जरूरतमंद मरीजों को रक्त उपलब्ध कराने में भी उनकी सक्रिय भूमिका रही है।
समाजसेवा के तहत डॉ. विशाल गर्ग गरीब बस्तियों में रहने वाले बच्चों की शिक्षा और स्वास्थ्य को लेकर भी लगातार प्रयास करते रहे हैं। प्रतिवर्ष बच्चों को पठन-पाठन सामग्री वितरित करने के साथ ही उन्हें आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराने का काम किया जाता है। विभिन्न स्वास्थ्य शिविरों में जरूरतमंदों को निशुल्क दवाएं भी वितरित कराई जाती हैं। इसके अलावा कुछ विद्यालयों में कंप्यूटर उपलब्ध कराकर बच्चों को तकनीकी शिक्षा से जोड़ने की पहल भी की गई है।
कोरोना महामारी के दौरान भी डॉ. विशाल गर्ग ने जरूरतमंद परिवारों की सहायता के लिए अभियान चलाया। इस दौरान लोगों को राशन किट उपलब्ध कराने के साथ भोजन वितरण किया गया। उनके प्रयासों से राशन किट घर-घर तक पहुंचाई गई। उनका कहना रहा कि संकट के समय किसी व्यक्ति की जाति, धर्म या राजनीतिक विचारधारा देखने के बजाय उसकी जरूरत को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। महामारी के दौरान टीकाकरण के प्रति जागरूकता और वैक्सीनेशन कराने में भी उन्होंने सहयोग किया।
खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए बॉक्सिंग को दिया बढ़ावा
डॉ. विशाल गर्ग सामाजिक कार्यों के साथ बच्चों और युवाओं की प्रतिभाओं को मंच देने के लिए भी प्रयासरत हैं। वे बॉक्सिंग गतिविधियों को प्रोत्साहित करते हैं और हरिद्वार में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के आयोजन में भी भूमिका निभा चुके हैं। उनका उद्देश्य युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित कर उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ाना है।
डॉ. विशाल गर्ग की कार्यशैली की एक प्रमुख विशेषता यह बताई जाती है कि वे जातिवाद और धार्मिक भेदभाव से दूरी बनाकर रखते हैं। उनका मानना है कि मानवता ही सबसे बड़ा धर्म है और जरूरतमंद की सेवा करना सबसे बड़ा कर्तव्य है। वे सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे को समाज की मजबूती का आधार मानते हैं।
जनसेवा के कार्यों को और व्यवस्थित रूप देने के लिए उन्होंने अपने आवास पर जनसेवा कार्यालय भी स्थापित किया है। इस माध्यम से आमजन अपनी समस्याएं लेकर पहुंचते हैं और जरूरतमंदों की सहायता के प्रयास किए जाते हैं।
डॉ. विशाल गर्ग की विधानसभा दावेदारी को लेकर उनके समर्थकों में उत्साह दिखाई दे रहा है। समर्थकों का मानना है कि लंबे समय से समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय रहने के कारण वे शहर की समस्याओं और आमजन की जरूरतों से परिचित हैं। अब वे सामाजिक कार्यों के साथ राजनीतिक मंच के माध्यम से भी जनता की सेवा करना चाहते हैं।
हालांकि विधानसभा चुनाव में भाजपा का टिकट किसे मिलेगा, यह पार्टी नेतृत्व के निर्णय पर निर्भर करेगा, लेकिन डॉ. विशाल गर्ग द्वारा बायोडाटा पार्टी फोरम तक पहुंचाए जाने के बाद उनकी दावेदारी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। अब देखना होगा कि पार्टी नेतृत्व उनकी दो दशक की सामाजिक सक्रियता और चुनावी दावेदारी को कितना महत्व देता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!