
हरिद्वार / नई दिल्ली। धर्मनगरी हरिद्वार के वरिष्ठ समाजसेवी एवं वरिष्ठ नागरिक महासभा के संस्थापक अध्यक्ष तथा ट्री ट्रस्ट ऑफ इंडिया के संरक्षक जगदीश लाल पाहवा और वरिष्ठ समाजसेवी परमानन्द पोपली को समाजसेवा एवं जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया। नई दिल्ली स्थित गांधी पीस फाउंडेशन में बियॉन्ड द थर्ड आई न्यूज़ (Beyond The Third Eye News) की ओर से आयोजित इम्पैक्ट इंडिया समिट 2026 में देशभर की लगभग 100 समाजसेवी संस्थाओं ने प्रतिभाग किया। समारोह में मुख्य अतिथि पद्मश्री से सम्मानित कंवल सिंह चौहान की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर जगदीश लाल पाहवा को समाजसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं प्रेरणादायी योगदान के लिए श्रेष्ठ एनजीओ सम्मान पुरस्कार 2026 से सम्मानित किया गया, जबकि परमानन्द पोपली को भी उनके सराहनीय सामाजिक कार्यों के लिए सम्मान प्रदान किया गया।
जगदीश लाल पाहवा लंबे समय से पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण, सामाजिक जागरूकता, वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण और समाज के वंचित वर्गों के उत्थान के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। सम्मान प्राप्त करने पर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान केवल उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि उन सभी सहयोगियों, समाजसेवियों और संस्थाओं का सम्मान है, जो निःस्वार्थ भाव से समाज की बेहतरी के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि समाजसेवा उनके लिए केवल एक कार्य नहीं, बल्कि जीवन का संकल्प है। देशभर की लगभग 100 समाजसेवी संस्थाओं के बीच हरिद्वार का प्रतिनिधित्व करते हुए यह सम्मान प्राप्त करना गौरवपूर्ण क्षण है। ऐसे राष्ट्रीय सम्मान समाज के प्रति जिम्मेदारियों को बढ़ाने के साथ जनसेवा के कार्यों को नई ऊर्जा और प्रेरणा प्रदान करते हैं। पाहवा ने आयोजन समिति एवं बियॉन्ड द थर्ड आई न्यूज़ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक समरसता, वरिष्ठ नागरिकों के हितों की रक्षा और जनकल्याण के कार्य पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ जारी रहेंगे। हरिद्वार के दोनों वरिष्ठ समाजसेवियों को राष्ट्रीय मंच पर मिला यह सम्मान धर्मनगरी के लिए गौरव का विषय है और समाजसेवा के क्षेत्र में कार्यरत संस्थाओं तथा भावी पीढ़ी के लिए प्रेरणादायी संदेश है।












