
हरिद्वार। राज्य मंत्री सुनील सैनी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशन में उत्तराखंड में विकास कार्यों को गति दी जा रही है। सरकार का प्रयास है कि जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग और प्रदेश के हर क्षेत्र तक पहुंचे।
सुनील सैनी ने हरिद्वार में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में कैबिनेट बैठक आयोजित होने को सराहनीय पहल बताते हुए इसे हरिद्वार के लिए गौरव का विषय बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह की पहल से क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलती है और स्थानीय समस्याओं के समाधान को भी प्राथमिकता मिलती है।
उन्होंने कहा कि ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के माध्यम से आमजन को सरकार की योजनाओं से जोड़ने और उनकी समस्याओं के समाधान का प्रयास किया जा रहा है। सरकार जनहित को प्राथमिकता देते हुए प्रदेश के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
राज्य मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में सेवा और सुशासन की भावना मजबूत हुई है। वहीं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के मार्गदर्शन में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि संगठन की मजबूती और सरकार के विकास कार्यों के आधार पर भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव में उत्तराखंड की देवतुल्य जनता के आशीर्वाद से प्रचंड जीत हासिल करेगी।
सुनील सैनी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मजबूत नेतृत्व में उत्तराखंड निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और विकास कार्यों को राज्य की प्रगति के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि सरकार जनअपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए प्रतिबद्ध है।












