Home / राजनीति / अर्द्धकुंभ-2027: हरिद्वार के नवनिर्मित घाट पर स्थापित हो लोकमाता अहिल्याबाई होलकर की प्रतिमा…

अर्द्धकुंभ-2027: हरिद्वार के नवनिर्मित घाट पर स्थापित हो लोकमाता अहिल्याबाई होलकर की प्रतिमा…

हरिद्वार। अर्द्धकुंभ-2027 के मद्देनजर हरिद्वार में नवनिर्मित घाटों में से किसी एक घाट पर लोकमाता पुण्यश्लोक अहिल्याबाई होलकर की प्रतिमा स्थापित करने और घाट का नाम उनके नाम पर रखने की मांग उठी है। भारतीय जनता पार्टी अन्य पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिला अध्यक्ष लोकेश पाल ने सोमवार को हरिद्वार में मंत्रिमंडल की बैठक के पश्चात उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को इस संबंध में लिखित प्रस्ताव सौंपा।
प्रस्ताव में कहा गया है कि अर्द्धकुंभ-2027 के दौरान निर्मित प्रमुख घाटों में से किसी एक घाट पर लोकमाता पुण्यश्लोक अहिल्याबाई होलकर की प्रतिमा स्थापित की जाए और उसका नामकरण उनके नाम पर किया जाए। इससे उनके ऐतिहासिक योगदान, धार्मिक आस्था के प्रति समर्पण और समाजसेवा के कार्यों को सम्मान मिल सकेगा।
लोकेश पाल ने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होलकर ने देश में धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण और विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके कार्य आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। ऐसे में अर्द्धकुंभ-2027 जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक आयोजन के अवसर पर हरिद्वार के किसी प्रमुख घाट को उनके नाम समर्पित करना उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
उन्होंने कहा कि घाट पर उनकी प्रतिमा स्थापित होने और घाट का नामकरण किए जाने से श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को उनके योगदान के बारे में जानने का अवसर मिलेगा। साथ ही, आने वाली पीढ़ियों को भी उनके जीवन, आदर्शों और जनकल्याणकारी कार्यों से प्रेरणा मिलेगी।
लोकेश पाल ने मुख्यमंत्री से प्रस्ताव पर सकारात्मक विचार करते हुए आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!