
हरिद्वार। ऑपरेशन प्रहार के तहत अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए हरिद्वार पुलिस ने मंगलौर के ग्राम उदलहेड़ी में हुई चोरी के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। कोतवाली मंगलौर पुलिस ने चोरी किए गए सोने के सभी जेवरात बरामद कर शत-प्रतिशत बरामदगी सुनिश्चित की है। आरोपी ने चोरी के जेवरात बेचने के बजाय दिल्ली के भजनपुरा स्थित कैपरी गोल्ड लोन शाखा में गिरवी रखकर ₹2,51,200 का ऋण लिया था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर गोल्ड लोन कंपनी से चोरी के शेष जेवरात बरामद किए।
कोतवाली मंगलौर में दर्ज मुकदमे के संबंध में आरोपी राहुल को 3 अक्टूबर 2026 को हिरासत में लिया गया था। इस दौरान आरोपी के कब्जे से चोरी का कुछ सामान बरामद हुआ था। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि चोरी के शेष सोने के जेवरात दिल्ली के भजनपुरा स्थित कैपरी गोल्ड लोन शाखा में गिरवी रखे गए हैं। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने 7 अगस्त 2026 को इन जेवरातों को गिरवी रखकर ₹2,51,200 का गोल्ड लोन प्राप्त किया था।
इसके बाद मंगलौर पुलिस ने आरोपी की अभिरक्षा का रिमांड प्राप्त किया और उसकी निशानदेही पर दिल्ली पहुंचकर संबंधित गोल्ड लोन शाखा से चोरी के शेष जेवरात बरामद किए। शाखा से प्राप्त अभिलेखों के आधार पर नियमानुसार बरामदगी की कार्रवाई पूरी की गई। पुलिस ने चोरी के मामले में शत-प्रतिशत माल बरामद कर लिया है। पूरी बरामदगी होने पर वादी ने हरिद्वार पुलिस का आभार जताया।
पुलिस ने पीली धातु की दो अंगूठियां, दो जोड़ी कानों के कुंडल, एक नथ, एक मांग टीका और एक चेन बरामद की है।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक सूरत शर्मा, कांस्टेबल तेजपाल, कांस्टेबल किशन देव राणा और होमगार्ड सचिन कुमार शामिल रहे।













