Home / मुख्य ख़बर / वन्यजीव सप्ताह: चित्रकला प्रतियोगिता के विजेता छात्र-छात्राएं सम्मानित, डीएफओ ने किए पुरस्कृत…

वन्यजीव सप्ताह: चित्रकला प्रतियोगिता के विजेता छात्र-छात्राएं सम्मानित, डीएफओ ने किए पुरस्कृत…

हरिद्वार। वन विभाग की ओर से आयोजित किए जा रहे वन्यजीव सप्ताह का गुरुवार को समापन हो गया। हिलबाई पास मार्ग स्थित प्रभागीय वनाधिकारी कार्यालय में समापन समारोह में वन्यजीव संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का संदेश दिया गया। इस दौरान प्रभागीय वनाधिकारी स्वपनिल अनिरूद्ध ने वन्यजीव सप्ताह के तहत आयोजित की गयी चित्रकला प्रतियोगिता में सफल छात्र-छात्राओं को प्रमाणपत्र, स्मृति चिह्न और नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। अलग-अलग वर्ग में आयोजित की गयी चित्रकला प्रतियोगिता में विभिन्न स्कूलों के कक्षा छह से आठ और कक्षा नौ और दस के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया था। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी चित्रकारी के माध्यम से हाथी, तेंदुआ, बारहसिंगा, हिरण, गंगा और जंगल के प्राकृतिक वातावरण को आकर्षक ढंग से उकेरा। कई चित्रों में वन्यजीव संरक्षण और पर्यावरण बचाने का संदेश भी दिया गया। प्रभागीय वनाधिकारी स्वप्निल अनिरुद्ध ने बताया कि वन्यजीव सप्ताह के अंतर्गत पेंटिंग प्रतियोगिता के अलावा जागरूकता रैली, छात्रों को संरक्षित वनों का दौरा कराना और वन विभाग की कार्य प्रणाली की जानकारी देना जैसी कई गतिविधियां आयोजित की गई हैं। पर्यावरण संरक्षण, वन्यजीवों की सुरक्षा और उनके व्यवहार को समझने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि वन्यजीव सप्ताह का उद्देश्य लोगों, विशेषकर बच्चों में वन्यजीव और पर्यावरण संरक्षण के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाना है। बच्चों की भागीदारी इस अभियान को और मजबूत करती है। उन्होंने प्रतियोगिता में शामिल सभी विद्यार्थियों की सराहना की। मुख्य अतिथि पार्षद सचिन कुमार और पार्षद निशा नौडियाल ने कहा कि बच्चों में वन्यजीव और पर्यावरण के प्रति जागरूकता पैदा करना समय की जरूरत है। ऐसी प्रतियोगिताएं बच्चों को प्रकृति से जोड़ने के साथ उनकी प्रतिभा को मंच भी प्रदान करती हैं। ग्रीनमैन विजय पाल बघेल ने कहा कि वन्यजीव और पेड़ पौधे हमारी प्राकृतिक विरासत हैं। इनके संरक्षण की जिम्मेदारी समाज के प्रत्येक व्यक्ति की है। उन्होंने बच्चों से प्रकृति संरक्षण का संदेश आगे बढ़ाने का आह्वान किया। समारोह में उप प्रभागीय वन अधिकारी पूनम कैथोला, ज्वाला प्रसाद, रेंजर शीशपाल सिंह, महेश शर्मा, विवेक जोशी, राजेश राठौर, ईशा सेठी, आरती पंत, विनीत पांडे, शैलजा और राहुल नेगी सहित वन विभाग के अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!