
हरिद्वार। सिडकुल थाना पुलिस ने तमंचे के बल पर बाइक और मोबाइल लूट के मामले में फरार चल रहे ₹5000 के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटा गया वीवो कंपनी का मोबाइल फोन भी बरामद किया है। इस मामले में पुलिस दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि एक अन्य फरार आरोपी की तलाश जारी है।
24 सितंबर 2026 को पंकज कुमार निवासी अन्नेकी हेतमपुर, रोशनाबाद ने थाना सिडकुल में तहरीर देकर बताया था कि रानी रो नदी के पास दोपहर के समय चार अज्ञात युवकों ने तमंचे के बल पर उसकी पल्सर मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन लूट लिया। तहरीर के आधार पर थाना सिडकुल में मुकदमा अपराध संख्या 402/2026, धारा 309(4) बीएनएस के तहत चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर पुलिस टीम का गठन कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। पुलिस टीम ने 26 सितंबर को मामले में शामिल दीपक और आकाश उर्फ पहाड़ी को गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद फरार दो आरोपियों की गिरफ्तारी तथा पीड़ित से लूटे गए मोबाइल और मोटरसाइकिल की बरामदगी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी। इसी दौरान एसएसपी हरिद्वार की ओर से फरार दोनों आरोपियों पर ₹5000-₹5000 का इनाम घोषित किया गया।
लगातार प्रयास और मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने के बाद सिडकुल पुलिस ने मंगलवार 6 अक्टूबर 2026 को मामले में शामिल तीसरे आरोपी सुशांत झड़ियाल उर्फ लक्की पुत्र अनिल कुमार झड़ियाल, निवासी मकान नंबर 62/ए शिवरतन सिटी, नवोदय नगर, थाना सिडकुल, हरिद्वार, उम्र 19 वर्ष को औरंगाबाद तिराहे से नदी की ओर श्मशान घाट जाने वाले कच्चे रास्ते से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटा गया वीवो कंपनी का मोबाइल फोन बरामद किया है।
पकड़ा गया आरोपी रायपुर, देहरादून निवासी एक महिला के अपहरण के प्रयास के मामले में भी शामिल रहा है। मामले में अब एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस जुटी हुई है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अजय शाह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक प्रवीण बिष्ट, उपनिरीक्षक इंद्रजीत सिंह राणा, उपनिरीक्षक अनिल बिष्ट, हेड कांस्टेबल संजय और कांस्टेबल मनीष कुमार शामिल रहे।












