Home / मुख्य ख़बर / भगत सिंह चौक से बिल्केश्वर-मां मंसा देवी मार्ग तक 6.5 किमी लंबा पैडेस्ट्रियन फ्रेंडली फुटपाथ होगा तैयार…

भगत सिंह चौक से बिल्केश्वर-मां मंसा देवी मार्ग तक 6.5 किमी लंबा पैडेस्ट्रियन फ्रेंडली फुटपाथ होगा तैयार…

हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत बिल्केश्वर क्षेत्र में किए जा रहे अवस्थापना विकास कार्यों को लेकर बिल्केश्वर कॉलोनी के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को मेलाधिकारी सोनिका से भेंट की। हरिद्वार सहकारी गृह निर्माण समिति की अध्यक्ष अंजना चड्ढा, सचिव महेन्द्र अरोड़ा और कोषाध्यक्ष संजीव वर्मन के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र में कराए जा रहे सड़क, फुटपाथ एवं सौंदर्यीकरण कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि इनसे स्थानीय निवासियों के साथ ही बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को भी काफी लाभ मिलेगा। प्रतिनिधिमंडल ने इस महत्वपूर्ण कार्य के लिये राज्य सरकार का आभार व्यक्त करते हुए क्षेत्र में सुविधाओं के और विस्तार का आग्रह किया।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि परियोजना की लागत को लेकर कुछ लोगों द्वारा बढ़ा-चढ़ाकर गलत जानकारी प्रस्तुत कर भ्रम फैलाने का प्रयास किया गया है, जो अनुचित और अस्वीकार्य है। उन्होंने कहा कि फुटपाथ का कार्य पूरा होने के बाद क्षेत्र एवं शहर के निवासियों के साथ ही बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर और सुरक्षित पैदल आवागमन की सुविधा मिलेगी। साथ ही यह क्षेत्र मॉर्निंग वॉक के लिए भी एक बेहतर गंतव्य के रूप में विकसित हो सकेगा।
उल्लेखनीय है कि कुंभ मेला-2027 के तहत भगत सिंह चौक से बिल्केश्वर-मां मंसा देवी मार्ग तक लगभग 6,500 मीटर लंबाई में पैडेस्ट्रियन फ्रेंडली फुटपाथ का निर्माण कराया जा रहा है। इसके लिए 7.84 करोड़ रुपये स्वीकृत हैं। इस कार्य में रेज्ड फुटपाथ, दोनों ओर पेव्ड शोल्डर्स, क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवारों का पुनर्निर्माण, मां मंसा देवी मार्ग का सुधारीकरण, केसी नालियों का निर्माण तथा आवश्यक स्थानों पर सड़क निर्माण सहित अन्य कार्य शामिल हैं।
मेलाधिकारी सोनिका ने कहा कि कुंभ मेला-2027 की तैयारियों में श्रद्धालुओं की सुविधा के साथ स्थानीय नागरिकों की दीर्घकालीन आवश्यकताओं का भी पूरा ध्यान रखा जा रहा है। कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की भी कारगर व्यवस्था की गई है।
प्रतिनिधिमंडल में समिति के पदाधिकारी वीरेन्द्र कुमार चड्ढा, विवेक मिश्रा, भारत केसवानी, गंगा सिंघल तथा रणजीत सिंह आदि शामिल रहे। इस अवसर पर अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!