Home / राजनीति / कांग्रेस नेता अशोक शर्मा के होटल पर जीएसटी विभाग की टीम ने की छापेमारी…

कांग्रेस नेता अशोक शर्मा के होटल पर जीएसटी विभाग की टीम ने की छापेमारी…

हरिद्वार। जीएसटी विभाग की टीम ने वरिष्ठ कांग्रेस नेता अशोक शर्मा के होटल पर छापेमारी कर छानबीन की। असिस्टेंट कमिश्नर राजीव त्यागी के नेतृत्व में पहुंची टीम बिल बुक समेत कई दस्तावेज अपने साथ ले गयी। रेलवे स्टेशन के सामने स्थित अशोका होटल में जीएसटी के छापे की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और व्यापार मंडल नेता मौके पर पहुंच गए। जांच के बाद असिस्टेंट कमिश्नर राजीव त्यागी ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि होटल आईटीसी लेजिबल नहीं था। इसलिए 20 लाख जमा कराए गए हैं। उन्होंने कहा कि यह विभाग की रूटीन कार्रवाई है। किसी को टारगेट करना कार्रवाई का उद्देश्य नहीं है। उन्होंने कहा कि होटल संचालक अशोक शर्मा और स्टाफ द्वारा जांच में पूरा सहयोग किया गया। कुछ दस्तावेज लिए गए हैं। जिनकी जांच के बाद ही आगे की स्थिति से अवगत कराया जाएगा। अशोक शर्मा के अधिवक्ता एडवोकेट सनोज कुमार ने बताया कि आईटीसी का बेनिफिट रिवर्स किया गया है। डेढ़ वर्ष से विभागीय अधिकारियों के साथ आईटीसी ट्रांजैक्शन के इनपुट रिवर्स को लेकर बातचीत चल रही थी। 20 लाख जमा करा दिए गए हैं। इसके अलावा सभी टैक्स समय से जमा कराए जा रहे हैं। पूर्व सभासद अशोक शर्मा ने कहा कि ऑनलाइन के दौर में लेनदेन में पूरी पारदर्शिता रहती है। कोई तथ्य छिपा नहीं है। छापेमारी के पीछे राजनीतिक उद्देश्य के संबंध में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि उनका छोटा सा होटल है। जबकि शहर में फाइव स्टार होटल हैै। लेकिन जांच मेरे होटल की गई है। उन्होंने कहा कि जनहित के मुद्दे और भ्रष्टाचार के खिलाफ संघर्ष से पीछे नहीं हटेंगे। पोल खोल अभियान जारी रहेगा। डमरू बजाना और तेज किया जाएगा। इस दौरान व्यापार मंडल अध्यक्ष राजीव पराशर, महामंत्री अमन शर्मा भी मौके पहुंचे। वरिष्ठ कांग्रेस नेता पूर्व राज्य मंत्री संजय पालीवाल, मुरली मनोहर, महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अमन गर्ग ने कहा कि बदले की भावना से कार्यवाही की जा रही है। कांग्रेस नेताओं पर दबाव बनाया जा रहा है। लेकिन जनहित के मुद्दों को लगातार उठाया जाएगा। पार्षद सुनील कुमार एवं हिमांशु गुप्ता ने कहा कि अशोक शर्मा लगातार जन विरोधी नीतियों पर बोल रहे हैं। अनियमितताओं पर बोलना विपक्ष का अधिकार है। कांग्रेसी नेता किसी के दबाव में आने वाले नहीं है। जनता की आवाज को दबने नहीं दिया जाएगा। इस दौरान नितिन तेश्वर, आशु भारद्वाज, कैश खुराना, विकास चंद्रा, मनोज सैनी, निखिल सोदाई, मनीष गुप्ता, यश शर्मा आदि सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता और व्यापारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!