Home / पुलिस / महिला से चैन स्नैचिंग का खुलासा, शातिर आरोपी गिरफ्तार…

महिला से चैन स्नैचिंग का खुलासा, शातिर आरोपी गिरफ्तार…

हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कनखल पुलिस ने आईटीआई जगजीतपुर के पास महिला से हुई चैन स्नैचिंग की घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से छीनी गई सोने की चैन, 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 20 सितंबर 2026 को गणपतिधाम फेस-3, जमालपुर निवासी महिला अपनी तीन वर्षीय बेटी के साथ स्कूटी से घर लौट रही थी। आईटीआई जगजीतपुर, लक्सर रोड के पास बाइक सवार आरोपी ने उसे रोकने का प्रयास किया। स्कूटी नहीं रोकने पर आरोपी ने स्कूटी में लात मारकर महिला को गिरा दिया और उसके गले से सोने की चैन छीनकर फरार हो गया। स्कूटी से गिरने के दौरान महिला की तीन वर्षीय बेटी के सिर में चोट आई थी। उपचार के बाद महिला ने कनखल थाने में तहरीर दी, जिस पर मु.अ.सं. 367/26 दर्ज किया गया।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। 25 सितंबर 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि घटना में शामिल बाइक सवार जमालपुर-जियापोता रोड की ओर आने वाला है। पुलिस ने चेकिंग शुरू की। इसी दौरान एक बाइक सवार पुलिस को देखकर भागने लगा, लेकिन बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। पुलिस ने आरोपी को मौके पर दबोच लिया। तलाशी में उसके पास से 315 बोर का तमंचा, जिंदा कारतूस और महिला से छीनी गई सोने की चैन बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान कुलदीप कुमार पुत्र बीरबल, उम्र 27 वर्ष, निवासी ग्राम रघुनाथपुर, थाना मंडावर, जनपद बिजनौर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ कनखल, रानीपुर और ज्वालापुर कोतवाली में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। पूछताछ में उसके वर्ष 2022 में चैन स्नैचिंग के मामलों में जेल जाने की जानकारी भी सामने आई है।
आरोपी के खिलाफ दर्ज आपराधिक इतिहास में मु.अ.सं. 244/22, धारा 356/379/411 भादवि, थाना कनखल; मु.अ.सं. 245/26, धारा 41/102/411 भादवि, थाना कनखल; मु.अ.सं. 376/22, धारा 356/379/411 भादवि, कोतवाली रानीपुर; मु.अ.सं. 430/22, धारा 392/411 भादवि, कोतवाली ज्वालापुर तथा वर्तमान मु.अ.सं. 367/26, धारा 309(6)/317 BNS, कोतवाली कनखल शामिल हैं।
कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक देवेन्द्र सिंह रावत, व.उ.नि. मनोज गैरोला, उ.नि. नरेन्द्र सिंह रावत, उ.नि. देवेन्द्र सिंह, अ.उ.नि. ललित मोहन, हे.का. जसबीर चौहान, का. दिगपाल भण्डारी, का. बीरेन्द्र चौहान, का. प्रलव चौहान और का. सुनील चौहान शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!