Home / मुख्य ख़बर / 27 सितंबर को हरिद्वार समेत 4 जिलों में रेड अलर्ट, भारी बारिश को लेकर प्रशासन अलर्ट…

27 सितंबर को हरिद्वार समेत 4 जिलों में रेड अलर्ट, भारी बारिश को लेकर प्रशासन अलर्ट…

हरिद्वार। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वैभव गुप्ता ने बताया कि मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून द्वारा 25 सितंबर 2026 को जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार उत्तराखंड के नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़ एवं ऊधमसिंह नगर जनपदों में कहीं-कहीं भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
इसके साथ ही देहरादून, रुद्रप्रयाग, नैनीताल, चंपावत, अल्मोड़ा, ऊधमसिंह नगर, पौड़ी, चमोली एवं पिथौरागढ़ जनपदों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने, 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने तथा वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना के दृष्टिगत भी येलो अलर्ट जारी किया गया है।
इसके साथ ही 27 सितंबर 2026 को देहरादून, टिहरी, हरिद्वार एवं पौड़ी जनपदों में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा तथा कहीं-कहीं अत्यंत भारी वर्षा होने की संभावना है। इसके साथ ही गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने तथा 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना को देखते हुए इन जनपदों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम पूर्वानुमान को देखते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने 26 एवं 27 सितम्बर 2026 को जनपदवासियों से सतर्कता बरतने तथा मौसम खराब होने की स्थिति में अनावश्यक रूप से नदी-नालों एवं संवेदनशील क्षेत्रों की ओर न जाने की अपील की है।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद में आपदा प्रबंधन से संबंधित सभी सेवाओं को तत्पर रखा जाए तथा किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी प्रकार की आपदा अथवा आपात स्थिति की सूचना तत्काल जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र, हरिद्वार को उपलब्ध कराई जाए। इसके लिए 01334-223999, 1077 (टोल फ्री), 7055258800 एवं 9528250926 पर संपर्क किया जा सकता है।
उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि मौसम की स्थिति को देखते हुए उच्च स्तर की सतर्कता एवं तत्परता बनाए रखें तथा किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी प्रतिवादन सुनिश्चित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!