Home / राजनीति / ‘बदलाव का संकल्प’ लेकर मैदान में उतरे संजय सैनी, रानीपुर विधानसभा में निकाली शंखनाद रैली…

‘बदलाव का संकल्प’ लेकर मैदान में उतरे संजय सैनी, रानीपुर विधानसभा में निकाली शंखनाद रैली…

हरिद्वार। रानीपुर विधानसभा क्षेत्र में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां धीरे-धीरे तेज होने लगी हैं। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता संजय सैनी ने जगजीतपुर क्षेत्र में “बदलाव का संकल्प: जन-जागृति अभियान” के तहत शंखनाद रैली निकालकर चुनावी तैयारियों का आगाज किया। शनिवार को अंबेडकर पार्क, जगजीतपुर से निकली रैली में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल हुए।
रैली के दौरान क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर जमकर नारेबाजी की गई। राजा गार्डन में महंगे पानी के कनेक्शन और मीटर के माध्यम से आने वाले पानी के बिलों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। प्रदर्शनकारियों ने “पानी बेचने वाली सरकार नहीं चलेगी” के नारे लगाए। इसके साथ ही क्षेत्र की गड्ढों से भरी और टूटी-फूटी सड़कों को लेकर भी लोगों ने सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई।
कांग्रेस नेता संजय सैनी ने कहा कि “रानीपुर विधानसभा क्षेत्र की जनता आज महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, जलभराव, खराब सड़कों, महंगे पानी के बिल, स्मार्ट मीटर और बदहाल शिक्षा एवं स्वास्थ्य व्यवस्था जैसी समस्याओं से परेशान है। जनता अब बदलाव चाहती है। हमारा यह अभियान किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि जनसमस्याओं की आवाज को मजबूती से उठाने के लिए है।” उन्होंने कहा कि “आज जरूरत है कि जनता की आवाज सड़क से लेकर सदन तक पहुंचे। युवाओं को रोजगार, किसानों को उनके अधिकार, महिलाओं को सुरक्षा और आम जनता को महंगाई से राहत दिलाना हमारी प्राथमिकता है। रानीपुर की मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता लगातार संघर्ष करेंगे और जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझेंगे।”
संजय सैनी ने कहा कि “बदलाव का संकल्प केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनता से लगातार संवाद और जनसमस्याओं के लिए संघर्ष का अभियान है। हमारा प्रयास रहेगा कि यह अभियान बूथ स्तर तक पहुंचे और अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ा जाए।”
गौरतलब है कि संजय सैनी पिछले कुछ समय से रानीपुर क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर सक्रिय नजर आ रहे हैं। कांग्रेस के प्रदर्शनों के दौरान भी उन्होंने जलभराव, मूलभूत सुविधाओं, स्मार्ट मीटर और अन्य स्थानीय मुद्दों को लेकर सरकार पर निशाना साधा है। ऐसे में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले रानीपुर में कांग्रेस की बढ़ती सक्रियता राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
शंखनाद रैली में प्रदेश महासचिव अनिल भास्कर, वार्ड नंबर-58 के पार्षद सुमित त्यागी, प्रशांत चौहान, पूर्व प्रधान श्याम सुंदर, नरेश सेमवाल, वरिष्ठ कांग्रेस नेता विभाष मिश्रा, प्रेस मीडिया इंचार्ज डॉ. मेहरबान अली, अमित सैनी, देवीचंद सैनी, जिला महासचिव अजय मुखिया, पूर्व पार्षद प्रत्याशी आरिफ पीर, पूर्व पार्षद प्रत्याशी सोनू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!