Home / मुख्य ख़बर / हरिद्वार में बढ़ा गंगा का जलस्तर, चेतावनी स्तर पार; खतरे के निशान के करीब पहुंची गंगा…

हरिद्वार में बढ़ा गंगा का जलस्तर, चेतावनी स्तर पार; खतरे के निशान के करीब पहुंची गंगा…

हरिद्वार। मैदान से लेकर पहाड़ तक देर रात से तेज बारिश होने का सिलसिला लगातार जारी है। लगातार हो रही तेज बारिश के चलते शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। बारिश के कारण हरिद्वार में गंगा नदी का जल स्तर भी बढ़ गया और गंगा खतरे के निशान के करीब पहुंच गई है। भीमगोडा बैराज पर जल स्तर बढ़कर चेतावनी स्तर को पार कर गया। अधिकारियों के मुताबिक गंगा नदी 293.10 मीटर पर बह रही है। जबकि 294 मीटर को खतरे का निशान माना गया है। वहीं प्रशासन भी बारिश को लेकर अलर्ट हैं। जहां सुबह से ही शहर में जलनिकासी कराई जा रही है, वहीं यूपी सिंचाई विभाग के अधिकारी गंगा के जलस्तर पर नजर बनाए हुए हैं। निचले इलाकों में अलर्ट जारी है। सभी बाढ़ चौकियों को अलर्ट किया गया है। जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। बताया जा रहा है कि पहाड़ों में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण गंगा में अतिरिक्त पानी छोड़ा जा रहा है। इसी वजह से हरिद्वार पहुंचने वाले पानी की मात्रा बढ़ी है और भीमगोड़ा बैराज पर जलस्तर में लगातार इजाफा दर्ज किया जा रहा है। अधिकारियों का दावा है कि हालांकि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन प्रशासन किसी भी संभावित खतरे को देखते हुए पूरी तरह अलर्ट मोड में है। यूपी सिंचाई विभाग के अधिकारी लगातार गंगा के जलस्तर पर नजर बनाए हुए हैं। यूपी सिंचाई विभाग के एसडीओ भारत भूषण ने बताया कि निचले इलाकों में बाढ़ चौकियों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। बारिश के कारण गंगा का जलस्तर बढ़ गया है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। सभी बाढ़ चौकियां अलर्ट हैं और लोगों से गंगा किनारे न जाने की अपील भी की गई है। आपदा प्रबंधन और जिला प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर पल पल की अपडेट आगे भेजी जा रही है। यदि बारिश लगातार होती रही तो, गंगा का जलस्तर बढ़ भी सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!