
हरिद्वार। कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्त कांवड़ियों की सेवा के उद्देश्य से रविवार को दक्ष रोड स्थित हनुमंत पुरम क्षेत्र में विशाल सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में कांवड़ यात्रियों को खाद्य एवं पेय सामग्री वितरित कर उनकी सेवा की गई।
सेवा शिविर के दौरान करीब 3500 गिलास शरबत, 24 हजार पाचक कैंडी, 10 क्रेट केले और 1800 जूस की बोतलों का वितरण कांवड़ियों के बीच किया गया। गर्मी और लंबी यात्रा के बीच कांवड़ियों को राहत पहुंचाने के लिए आयोजित इस सेवा कार्य में रोटरी हरिद्वार के साथ स्थानीय निवासियों ने भी बढ़-चढ़कर सहयोग किया।
आयोजन को सफल बनाने में प्रोजेक्ट चेयरमैन रो. निखिल गर्ग, रो. हिमांशु चोपड़ा, रो. अंकुर मित्तल, रो. अरुण, बालाजी पैकेजिंग की टीम के सदस्यों के साथ हनुमंत पुरम निवासी मनीष मिश्रा, सतीश एवं अन्य कॉलोनीवासियों का सराहनीय योगदान रहा।
इस अवसर पर रो. विनय शर्मा ने सेवा शिविर को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कांवड़ यात्रियों की सेवा करना पुण्य और सौभाग्य का कार्य है। उन्होंने सभी सहयोगियों के प्रति हार्दिक धन्यवाद प्रकट किया।










