
हरिद्वार। रानीपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली नगरपालिका परिषद शिवालिकनगर के वार्ड-12 रामधाम में विकास कार्यों को गति देते हुए आज रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने लगभग ₹65 लाख की लागत से बनने वाली महत्वपूर्ण सड़क निर्माण योजना का शुभारंभ किया।
हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण द्वारा लगभग 500 मी. लम्बाई की निर्मित की जा रही यह सड़क कृपाल स्कूल से देवनगर, शिवालिकनगर तक बनाई जाएगी। इस सड़क के बनने से क्षेत्र के हजारों स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ सिडकुल क्षेत्र में प्रतिदिन आवागमन करने वाले श्रमिकों एवं कर्मचारियों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
इस अवसर पर विधायक आदेश चौहान ने कहा कि क्षेत्र का सर्वांगीण विकास भाजपा सरकार की प्राथमिकता है। रानीपुर विधानसभा में सड़क, नाली, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य सहित मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में रानीपुर विधानसभा का कायाकल्प हुआ है और आने वाले समय में विकास कार्यों की गति और तेज होगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देते हुए प्रत्येक क्षेत्र तक विकास पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। रानीपुर विधानसभा में हो रहे निरंतर विकास कार्य जनता के विश्वास और सरकार की प्रतिबद्धता का प्रमाण हैं।
इस अवसर पर नगरपालिका शिवालिकनगर के सांसद प्रतिनिधि अतुल वशिष्ठ ने कहा कि विधायक आदेश चौहान क्षेत्र की समस्याओं को लेकर सदैव संवेदनशील रहे हैं। उनके नेतृत्व में रानीपुर विधानसभा के बुनियादी ढांचे का लगातार विस्तार हो रहा है। सड़क निर्माण जैसे कार्य सीधे आम जनता के जीवन को सुगम बनाने का कार्य करते हैं।
स्थानीय सभासद गरिमा सिंह ने कहा कि सिडकुल जैसे औद्योगिक क्षेत्र के नजदीक होने के कारण यह सड़क हजारों लोगों के दैनिक आवागमन को आसान बनाएगी। लंबे समय से क्षेत्रवासियों की मांग रही इस सड़क के निर्माण से स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने क्षेत्र की जनता की ओर से विधायक आदेश चौहान एवं प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया।
सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ होने पर स्थानीय नागरिकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विधायक आदेश चौहान का धन्यवाद किया और विकास कार्यों के लिए आभार जताया।
इस अवसर पर पूर्व सभासद अशोक मेहता, विपिन चौहान, धर्मपाल सिंह, शिवालिकनगर मंडल उपाध्यक्ष संदीप राठी, अविनाश रोहेला, अंकित श्रीवास्तव, सुजान सिंह बिष्ट, हीरा सिंह बिष्ट, सूरज नेगी, वीरेन्द्र चौधरी, त्रिलोक सिंह,पवन चौहान, रविकांत गुप्ता, विनीत चौहान सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक एवं कार्यदाई विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
