
हरिद्वार। चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को शुद्ध और गुणवत्ता युक्त खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने खाद्य सुरक्षा विभाग को जनपदभर में सघन निरीक्षण और छापेमारी अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर बुधवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की संयुक्त टीम ने हरिद्वार के विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई की।
सहायक आयुक्त एवं जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी ने बताया कि चारधाम यात्रा और गर्मी के मौसम को देखते हुए होटल, ढाबों, रेस्टोरेंट, डेयरियों और फुटकर खाद्य प्रतिष्ठानों में लगातार निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है, ताकि खाद्य पदार्थों में किसी प्रकार की मिलावट और ओवर रेटिंग न हो।
उन्होंने बताया कि खाद्य सुरक्षा अधिकारी पवन कुमार के नेतृत्व में टीम ने हर की पैड़ी, खड़खड़ी, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन क्षेत्र में संचालित अस्थायी खाद्य प्रतिष्ठानों, रेस्टोरेंट, ढाबों और डेयरियों का निरीक्षण किया। इस दौरान प्रयोगशाला जांच के लिए पनीर, दूध और तैयार खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र किए गए।
निरीक्षण के दौरान आमजन से प्राप्त शिकायतों का भी मौके पर निस्तारण किया गया। विभाग ने स्पष्ट किया कि चारधाम यात्रा 2026 को ध्यान में रखते हुए जनपदभर में यह अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि यात्रियों को सुरक्षित और मानकों के अनुरूप खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सके।
