
हरिद्वार। चारधाम यात्रा 2026 के दौरान श्रद्धालुओं को शुद्ध एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग ने जनपद में व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में होटल, ढाबों, कैंटीन और डेयरियों का निरीक्षण कर कार्रवाई की।
जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानन्द जोशी ने बताया कि चारधाम यात्रा को देखते हुए विभाग लगातार निगरानी और जांच अभियान चला रहा है। इसी क्रम में उनके नेतृत्व में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन एवं पवन कुमार की टीम ने सुभाष घाट, कुशावर्त घाट, दीनदयाल पार्किंग, दिल्ली नेशनल हाईवे और रावली महदूद क्षेत्र में छापेमारी की।
कार्रवाई के दौरान कुल 10 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। मौके से प्रयोगशाला जांच के लिए 09 खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए, जिनमें पनीर, खुले मसाले, तैयार खाद्य पदार्थ, राजमा साबुत और बेकरी उत्पाद शामिल हैं।
निरीक्षण के दौरान कई प्रतिष्ठानों में अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में खाद्य सामग्री का भंडारण एवं निर्माण, बासी और सड़े-गले खाद्य पदार्थों का उपयोग, खाद्य लाइसेंस और आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत न करने जैसी अनियमितताएं पाई गईं। इस पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 की धारा 32 के तहत कुल 09 प्रतिष्ठानों के संचालकों को नोटिस जारी किए गए।
खाद्य सुरक्षा टीम ने मौके पर दो ढाबों से करीब 04 किलो बदबूदार खुला पनीर तथा एक ढाबे से 12 खुले मसाले नष्ट कराए। साथ ही सभी खाद्य विक्रेताओं को अपने प्रतिष्ठानों पर फूड लाइसेंस एवं फूड सेफ्टी डिस्प्ले बोर्ड अनिवार्य रूप से लगाने के निर्देश दिए गए, जिसमें विभागीय टोल फ्री नम्बर अंकित हो।।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए यह अभियान पूरे जनपद में लगातार जारी रहेगा।
