उत्तराखण्ड / देहरादून। राजधानी देहरादून के कांवली रोड क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की जान चली गई। तेज रफ्तार से आ रहे एक लोडेड ट्रक ने युवक को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और आक्रोश का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रक काफी तेज गति में था और चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया। इसी दौरान सड़क किनारे खड़े युवक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक ट्रक को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए और पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने हालात को संभालने की कोशिश की, लेकिन आक्रोशित लोगों ने शव को उठाने से रोक दिया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में लगातार तेज रफ्तार वाहनों का संचालन हो रहा है, लेकिन प्रशासन द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। उन्होंने सड़क सुरक्षा के लिए कड़े इंतजाम और फरार ट्रक चालक की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
फिलहाल पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपी चालक की पहचान की जा सके। मृतक युवक की शिनाख्त और परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया जारी है।
